दर्दनाक हादसा : घराट में लगी आग, 93 वर्षीय व्यक्ति जिंदा जला

Wednesday, Jul 21, 2021 - 05:14 PM (IST)

नाहन (दलीप): जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में एक व्यक्ति घराट में उस वक्त जिंदा जल गया जब वह घराट में सोया हुआ था। मृतक की पहचान नंदा राम पुत्र किडुक राम के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार कमरऊ पंचायत के अंतर्गत खजियार खड्ड में उक्त वृद्ध काफी समय से घराट चला रहा था। मंगलवार देर रात को वह अपने घराट में ही सोया हुआ था कि अचानक घराट के अंदर आग लग गई, जिसमें वह जिंदा जल गया।

जब गांव के लोग सुबह घराट के पास आए तो देखा कि घराट के अंदर से धुआं निकल रहा था। जब अंदर जाकर देखा तो वृद्ध बुरी तरह से जल चुका था, जिसके बाद पंचायत प्रधान चंद्रमोहन ठाकुर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई। पांवटा साहिब के डीएसपी वीरबहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Content Writer

Vijay