ईद-उल-फितर पर्व पर मुस्लिम महिलाओं को HRTC ने दिया तोहफा

Thursday, Jun 14, 2018 - 09:25 AM (IST)

नाहन: मुस्लिम समुदाय के प्रमुख ईद-उल-फितर पर्व पर एच.आर.टी.सी. ने प्रदेश की मुस्लिम महिलाओं को तोहफा दिया है। पर्व के लिए सुबह सूरज निकलने व छिपने तक महिलाओं की निगम की बसों में यात्रा नि:शुल्क रहेगी। यह यात्रा महिलाओं को उनका पहचान पत्र दिखाने के बाद ही उपलब्ध होगी। हालांकि कैलेंडर के हिसाब से ईद-उल-फितर 16 जून को है लेकिन ईद चांद दिखने के बाद ही मनाई जाती है, ऐसे में यह सुविधा महिलाओं को जिस दिन ईद होगी, उस दिन उपलब्ध रहेगी। इस बाबत निगम के प्रबंध निदेशक द्वारा प्रदेश के सभी संबंधित अधिकारियों को लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं। गौरतलब है कि उक्त सुविधा निगम द्वारा राखी व भाई दूज पर हिंदू महिलाओं की तर्ज पर नवम्बर 2010 से मुस्लिम महिलाओं को भी दी जा रही है। 


हिमाचल में ही मिलेगी सुविधा
निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार ईद के दिन नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा मुस्लिम महिलाओं को केवल निगम की बस में हिमाचल क्षेत्र में ही उपलब्ध होगी। ऐसे में निगम ने पहले ही साफ किया है कि केवल हिमाचल क्षेत्र में यह सुविधा उपलब्ध होगी।  
 

Ekta