हिमाचल के प्राथमिक स्कूलों में संस्कृत विषय होगा आरंभ : सुरेश भारद्वाज

Sunday, Jan 12, 2020 - 11:06 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): हिमाचल प्रदेश में प्राथमिक स्कूलों में संस्कृत विषय को आरंभ किया जाएगा। वहीं नैतिक शिक्षा का समावेश भी पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। यह जानकारी शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने विवेकानंद न्यास द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती भाषण प्रतियोगिता के सम्मान वितरण समारोह में दी। उन्होंने कहा कि भले ही प्रदेश में साक्षरता दर बढ़ी है तथा देश साक्षरता में दूसरे स्थान पर है परंतु इसके बावजूद संस्कारों में कमी है। शिक्षा पद्धति में संस्कार लाने के साथ-साथ घरों में भी संस्कार विहीनता को दूर करना होगा।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में जहां स्वामी विवेकानंद की शिक्षा प्रासंगिक है तो प्रदेश सरकार ने भी पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक व शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए योग तथा चैस को पाठ्यक्रम में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि विश्व से अनेक संस्कृतियां या तो विलुप्त हो गईं या अन्य संस्कृतियों में विलीन हो गईं परंतु विश्व की सबसे प्राचीन भारतीय संस्कृति का अस्तित्व इसलिए बना हुआ है क्योंकि भारतीय संस्कृति में आदर्श व नैतिकता का समावेश रहा है।

उन्होंने कहा कि ब्रिटिश काल में शिक्षा का क्षरण हुआ तथा देश की जनता अपनी संस्कृति से दूर चली गई, ऐसे में इससे उभरने के लिए अभी और अधिक कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसी दिशा में पाठ्यक्रम में बदलाव किया जा रहा है।

Vijay