PTA के माध्यम से अध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया को कहा जाता है बैक डोर एंट्री : सुरेश भारद्वाज

Sunday, Jun 16, 2019 - 10:40 PM (IST)

चम्बा (विनोद): शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने तेलका में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि तबादलों को रद्द करवाने के लिए नए-नए शब्दों को ईजाद किया जाता है, जिनकी आड़ लेकर कई अध्यापक अपने तबादले करवाने में सफल हो जाते हैं। इसी के चलते प्रदेश के कुछ जिलों में अध्यापकों के पद रिक्त चले हुए हैं। जिला चम्बा इस सूची में सिरमौर व शिमला में अप्पर क्षेत्र के साथ शामिल है। उन्होंने कहा कि पी.टी.ए. के माध्यम से अध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया को बैक डोर एंट्री कहा जाता है लेकिन भाजपा एस.एम.सी. के माध्यम से नियुक्ति करने वाले अध्यापकों के मामले में पूरी गुणवत्ता व शैक्षणिक योग्यता के पैमाने को अपनाएगी।

हार्ड व जनजातीय क्षेत्रों के स्कूलों में अपनाई जाएगी प्रक्रिया

उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया प्रदेश के हार्ड व जनजातीय क्षेत्रों के उन स्कूलों में अपनाई जाएगी जहां 6 माह से लगातार अध्यापक का पद रिक्त चल रहा होगा। उन्होंने कहा कि जहां तक अध्यापकों के राज्य कैडर को फिर से जिला कैडर में बदलने की बात है तो यह प्रक्रिया अदालत के आदेशों के चलते अमल में लाई गई है लेकिन अब प्रदेश सरकार अदालत के इस फैसले पर पुन: याचिका दायरे करने पर विचार कर रही है।

चम्बा के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था अधिक अच्छी नहीं

उन्होंने यह माना कि चम्बा जिला ने प्रदेश को सबसे पहला विधानसभा अध्यक्ष तो राज्य को 3 शिक्षा मंत्री दिए लेकिन जिला चम्बा के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था प्रदेश के अन्य 11 जिलों के मुकाबले अधिक अच्छी नहीं है। इसकी वजह यह है कि अध्यापक यहां आने में अधिक रुचि नहीं दिखाते हैं। सरकार तबादला नीति का निर्धारण करने में जुटी हुई है। जल्द ही जिला चम्बा को इस समस्या से निजात मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के मुख्यमंत्री के पास शिक्षा विभाग रहा लेकिन चम्बा जिला में तीन वर्षों तक क्यों बी.आर.सी.सी. अध्यापकों को लेकर जारी आदेश दबाए रखे इस बारे में उन्होंने क्यों पता नहीं किया। इतना जरूर है कि अब यह मामला उनके ध्यान में लाया गया है तो वह इस मामले की जांच करवाएंगे।

स्कूलों की खस्ता हालत की विभाग से लेंगे जानकारी

उन्होंने कहा कि जहां तक जिला चम्बा के स्कूलों की खस्ता हालत की बात है तो इस बारे में विभाग से जानकारी मांगी जाएगी। सरकार स्थानांतरण नीति में बदलाव करने बारे सोच रही है। नई तैनाती पर 3 वर्षों तक किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो इस बात को पुख्ता बनाया जाएगा। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर व भटियात विधायक विक्रम जरयाल मौजूद रहे। 

Vijay