जनाब दिल्ली से बदतर तो हिमाचल है, यहां धुएं का नहीं धूल का बादल है (Video)

Thursday, Nov 07, 2019 - 03:34 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): देश की राजधानी में लोग जहां स्मॉग से परेशान हैं, वहीं सोलन में धूल के बादल उड़ते हुए नजर आ रहे हैं। यहां परवाणु से सोलन तक चल रहे नैशनल हाईवे को फोरलेन बनाने के कार्य के चलते स्थानीय लोगों को जीना मुहाल हो गया है। धूल के गुबार के कारण लोग कई प्रकार की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बता दें कि इन दिनों हाईवे को फोरलेन बनाने का कार्य काफी तेजी से चल रहा है। इसके कारण कई स्थानों पर सड़कों को खोदा गया है और कच्ची मिट्टी होने के कारण वाहनों से यह धूल के रूप में हवा में उड़ रही है।

दोपहिया वाहन चालक व राहगीरों को हो रही परेशानी

वाहन गुजरने पर यहां धूल का बादल ही नजर आता है और इसमें कुछ मीटर से आगे कुछ भी नहीं दिखाई देता है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों व पैदल चलने वाले लोगों को हो रही है। इस सड़क से गुजरने पर दोपहिया वाहन चालक पूरी तरह धूल से भर जाते हैं। स्थानीय निवासियों के घरों व दुकानों में भी धूल ही धूल हो गई है। इसके कारण लोग खांसी, जुकाम सहित विभिन्न श्वास रोगों की चपेट में आ रहे हैं।

निर्माण के दौरान पानी का छिड़काव जरूरी

नियमों के अनुसार निर्माण के दौरान धूल से बचाव के लिए इसमें पानी का छिड़काव निर्माण कंपनी को करना पड़ता है लेकिन शहर के साथ लगते क्षेत्रों रबौण व सोलन बाईपास पर पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। इससे यहां धूल ही धूल नजर आती है। इसके अलावा बड़ोग बाईपास व कुमारहट्टी में भी लोग फोरलेन पर धूल के कारण परेशान हो चुके हैं। दुकानों में धूल घुसने के कारण व्यापारियों का कार्य ठप्प हो गया है।

Vijay