इस कारण से दलाईलामा टैंपल और ग्यूतो मोनेस्ट्री में प्रवेश बंद

Monday, Mar 09, 2020 - 12:02 PM (IST)

धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश में कोराना वायरस का खौफ बढ़ने लगा है। इस वायरस के खतरे के चलते धर्मशाला में दलाई लामा टैंपल और सिद्धबाड़ी स्थित ग्यूतो मोनेस्ट्री में आम लोगों और सैलानियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मंदिर में एक माह तक प्रवेश बंद रहेगा। कोरोना वायरस के खौफ के कारण पर्यटकों को मुख्य गेट से ही वापस लौटाया जा रहा है। 
मोनेस्ट्री प्रशासन ने मोनेस्ट्री का मुख्य गेट बंद कर दिया है इसके साथ ही यहां बाकायदा एक नोटिस चस्पा किया है। इसमें कहा गया है कि विश्व भर में कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के मद्देनजर एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।

एक माह बाद होगा फैसला

मोनेस्ट्री के प्रशासनिक कार्यालय की ओर बताया जा रहा है कि इस दौरान मोनेस्ट्री के अंदर स्थित मुख्य मंदिर में जाने और किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम पर रोक रहेगी। एक माह के बाद हालात का जायजा लेने के उपरांत ही मोनेस्ट्री को आम लोगों के लिए दोबारा खोलने पर निर्णय लिया जाएगा। बता दें कि सिद्धबाड़ी स्थित ग्यूतो तांत्रिक मोनेस्ट्री में तिब्बती गुरु करमापा उग्येन त्रिनले दोरजे का निवास स्थान है।

हालांकि, करमापा बीते 2 साल से भी अधिक समय से विदेश में हैं, लेकिन करमापा की अनुपस्थिति में भी बड़ी संख्या में उनके अनुयायी यहां आते हैं। यूरोप सहित पश्चिमी देशों से भी हर साल हजारों बौद्ध अनुयायी यहां पहुंचते हैं। वर्तमान में सैकड़ों बौद्ध भिक्षु ग्यूतो मोनेस्ट्री में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। 

यशी फुंत्सोकयशी फुंत्सोक, डिप्टी स्पीकर, निर्वासित तिब्बती सरकार ने बताया कि एक माह के लिए मोनेस्ट्री को बंद किया गया है। एक माह बाद जायजा लेने के लिए इसे खोलने को लेकर फैसला लिया जाएगा। बता दें कि हिमाचल में कोरोना वायरस का एक भी मामला सामने नहीं आया है। तीन संदिग्ध सामने आए थे, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
 

kirti