राजधानी में फैला नशे का कारोबार, गांजे व नशीले कैप्सूलों सहित महिला-युवक गिरफ्तार

Tuesday, Mar 20, 2018 - 10:12 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशे का कारोबार काफी फलता-फूलता जा रहा है। आए दिन पुलिस मादक पदार्थ बेचने वालों का पर्दाफाश कर रही है। सोमवार को भी डाऊनडेल में पुलिस ने एक महिला को 2.076 किलोग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डाऊनडेल में कृष्णा नामक महिला के पास गांजा रखा गया है, ऐसे में पुलिस ने सोमवार रात 9 बजे डाऊनडेल में उक्त महिला के घर पर दबिश दी और उससे गांजा सहित 43,000 रुपए नकद बरामद किए। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को जो रकम महिला के पास से बरामद हुई है वह उसने गांजा बेचकर ही कमाई थी। इससे तो यह भी स्पष्ट होता है कि शायद महिला गांजे का व्यापार करती होगी। 

महिला को जल्द कोर्ट में पेश करेगी पुलिस 
हालांकि पुलिस ने व्यापार करने की अभी तक कोई पुष्टि नहीं की है और न पुलिस के समक्ष महिला ने अभी तक पूछताछ में यह कबूल किया है। आखिर गांजे की सप्लाई महिला के  पास कहां से आई, पुलिस इस बारे उससे गंभीरता से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि क्या महिला गांजे का व्यापार करती थी या नहीं। सदर थाना के तहत पुलिस ने आरोपी महिला कृष्णा के खिलाफ एन.डी. एंड पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर किया है। महिला को जल्द ही पुलिस कोर्ट में पेश करेगी।  
 

युवक से 100 नशीले कैप्सूल बरामद 
उधर, शिमला जिला के नेरवा के तहत पुलिस ने एक युवक को नशीले कैप्सूल सहित गिरफ्तार कर लिया है। नेरवा पुलिस की टीम को नाकाबंदी के दौरान यह सफलता हासिल हुई है। आरोपी युवक के कब्जे से 100 कैप्सूल नाइट्राज्पाम के बरामद किए गए हैं। पुलिस  शिमला जिला के चौपाल उपमंडल के नेरवा के टिक्करी गांव के सुरजीत सिंह से पूछताछ कर रही है कि वह ये कैप्सूल कहां से लाया था।  

Punjab Kesari