नशे के सौदागरों पर कसा शिकंजा, 3 गिरफ्तार

Wednesday, Dec 07, 2016 - 09:33 PM (IST)

कांगड़ा: मादक द्रव्यों के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत  देहरा, शाहपुर व धर्मशाला में 3 लोगों को चरस सहित गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पहले मामले में देहरा पुलिस ने विगत रात जालंधर लाहड़ गांव में एक राहगीर से चरस बरामद की। एएसआई गुरदेव सिंह के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी विक्रम चंद व मानक मुख्य आरक्षी सुरेंद्र कुमार का दल रात्रि गश्त पर था तो जालंधर लाहड़ गांव में एक राहगीर पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उक्त व्यक्ति को रोककर जब उसकी तलाशी तो उसके कब्जे से 48.60 ग्राम चरस बरामद हुई। डी.एस.पी. देहरा रेणु शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अश्वनी कुमार के खिलाफ एन.डी.पी.एस. कानून के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

दूसरे मामले में शाहपुर पुलिस ने एक व्यक्ति से 51.35 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने गुप्ता सूचना के आधार पर रोकी कुमार निवासी डडम खान जिला कठुआ जम्मू-कश्मीर से यह चरस पकड़ी है। उक्त आरोपी जब छतड़ी विश्वविद्यालय चौक पर घूम रहा था तो वह पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा लेकिन पुलिस ने उसे चरस सहित दबोच लिया। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। 

तीसरे मामले में पुलिस ने मैक्लोडगंज में एक व्यक्ति से 23.53 ग्राम चरस बरामद की। जानकारी के अनुसार मैक्लोडगंज के भागसू रोड पर एक युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस को युवक पर शक हुआ और उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर युवक से 23.53 ग्राम चरस बरामद हुई। एस.पी. कांगड़ा संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।