मनाली के चालक को बांधकर नाले में फैंका, लुटेरे कार लेकर फरार

Thursday, Nov 29, 2018 - 11:49 PM (IST)

मनाली: पंजाब के कीरतपुर में बदमाशों द्वारा पिस्तौल की नोक पर क्रिस्टा इनोवा गाड़ी को छीनने का मामला सामने आया है। गाड़ी (एच.पी. 01 के 5540) मनाली के टै्रवल संचालक प्रीतम की है। वाहन चालक भूप सिंह मंडी के रिवालसर का रहने वाला है। चालक भूप सिंह सैलानियों को छोड़कर मनाली वापस आ रहा था कि वीरवार सुबह उसे चंडीगढ़ में 2 लोग मिले। उन्होंने उसे कुल्लू के कसोल चलने की बात की। चालक दोनों लोगों को लेकर सुबह 3 बजे चंडीगढ़ से कसोल की ओर चल पड़ा।

कीरतपुर के पास कनपटी पर तान दी पिस्तौल

कीरतपुर के पास सुबह 5 बजे के करीब उन्होंने चालक की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने चालक को पीटकर घायल कर दिया, फिर हाथ-पैर बांध दिए और नालागढ़ मार्ग पर ले जाकर सुनसान जंगल के पास नाले में फैंक दिया। अंधेरा होने के कारण चालक कुछ मदद भी नहीं ले पाया। एक घंटे बाद कोई व्यक्ति नाले की ओर शौच के लिए आया तो उसने उसे बचाया।

रोपड़ पुलिस थाने में दर्ज करवाई शिकायत

उस व्यक्ति से फोन लेकर चालक ने मनाली में गाड़ी के मालिक को अपने साथ घटी घटना से अवगत करवाया, साथ ही चालक ने रोपड़ पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई। ट्रैवल के संचालक प्रीतम ने बताया कि गाड़ी में जी.पी.एस. लगा था लेकिन चालक को बंधक बनाने के बाद उन लोगों ने गाड़ी से जी.पी.एस. को भी निकाल दिया। जी.पी.एस. के निकालने के बाद गाड़ी का कुछ पता नहीं चल पाया है। प्रीतम ने कहा कि उन्होंने यह गाड़ी इसी साल खरीदी है। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी मदद की गुहार लगाई है।

टैक्सी चालकों में भय का माहौल

पंजाब में पिस्तौल की नोक पर गाड़ी छीनने की घटना से मनाली के वाहन चालकों में खौफ  का माहौल है। सुबह जैसे ही गाड़ी के इस तरह छीनने की मनाली में खबर फैली तो वाहन चालक सहम गए। वाहन चालक विजय, रॉकी, कमल और विशाल ने बताया कि कीरतपुर में घटी घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी बदमाशों ने मंडी के पास चालक को बांधकर ब्यास किनारे फैंक दिया था।

Vijay