85 साल की उम्र में पूरा किया मां-बाप का सपना, 35Km की श्रीखंड महादेव यात्रा की पूरी

Thursday, Jul 26, 2018 - 03:16 PM (IST)

कुल्लू: बहुत कम लोग होते हैं जो अपने मां-बाप के सपनों को पूरा कर पाते हैं। ऐसा ही कुछ हिमाचल के कुल्लू के आनी के रहने वाले 85 साल के बुजुर्ग खज्जू राम ने कर दिखाया है। उन्हें इस सपने को पूरा करने में 85 साल लग गए। उन्होंने श्रीखंड महादेव के दर्शन करके माता-पिता के सपने को साकार किया। जानकारी के मुताबिक आनी के श्वाड़ गांव निवासी बुजुर्ग खज्जू राम ने 12 जुलाई को थचडू से यात्रा शुरू की और 14 जुलाई को श्रीखंड महादेव के दर्शन किए। 


स्वर्गीय माता-पिता का सपना किया पूरा
उन्होंने बताया कि उनके स्वर्गीय माता-पिता ने भगवान शिव से प्रार्थना की थी कि उनको बच्चा होगा तो वो श्रीखंड जाकर महादेव के दर्शन करेंगे, जिसके चलते उनकी काफी सालों से श्रीखंड महादेव के दर्शन करने की तमन्ना थी। खज्जु ने कहा कि पारिवारिक सदस्यों के मना करने के बावजूद भी भगवान शिव की कृपा से यात्रा को पूरी करने में सफलता मिली है। 


महज 4 दिन में 35 किलोमीटर का किया पैदल सफर 
उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को रात कुंशा में विश्राम किया। जिसके बाद सुबह 7 बजे कुंशा से यात्रा शुरू की। जिस दौरान 13 जुलाई को वह नौन सरोवर पहुंचे और फिर 14 जुलाई को श्रीखंड महादेव के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि उन्हें रास्ते में कई परेशानी हुई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। वहीं, उनके साथ यात्रा पर गए एक शख्स ने बताया कि खज्जू ने भोले के दर्शन करने के लिए महज 4 दिन में 35 किलोमीटर का पैदल सफर किया।  

Ekta