भोरंज उपचुनाव : Dr. Ramesh Dogra को कांग्रेस नेत्री के खिलाफ चुनाव लडऩा पड़ा महंगा

Sunday, Mar 26, 2017 - 09:47 PM (IST)

शिमला: भोरंज उपचुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी प्रोमिला देवी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरना डा. रमेश डोगरा को महंगा पड़ गया है। इसके तहत कांग्रेस ने डा. रमेश डोगरा को 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। विशेष बात यह है कि डा. रमेश डोगरा वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भोरंज सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी थे और इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

पार्टी टिकट की दौड़ में शामिल थे डा. रमेश डोगरा
डा. रमेश डोगरा ने कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी प्रोमिला देवी के खिलाफ  भोरंज से नामांकन पत्र दाखिल किया है। डा. डोगरा खुद भी पार्टी टिकट की दौड़ में थे लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने प्रोमिला को वहां से प्रत्याशी बनाया। इसके बाद डा. डोगरा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। पार्टी नेताओं ने उन्हें मनाने के भी प्रयास किए लेकिन वह नहीं माने और अंतत: उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव और मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने इस बात की पुष्टि की है।