Dr. डेजी ठाकुर बनी राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष, अधिसूचना जारी

Tuesday, Jan 16, 2018 - 11:40 PM (IST)

शिमला: राज्य सरकार ने मंगलवार को डा. डेजी ठाकुर को हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के तौर पर 3 साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा। सरकार ने आयोग में गैर-आधिकारिक सदस्यों के तौर पर इन्दु बाला, सुषमा भट्ट तथा मंजरी नेगी को भी 3 साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया है। इसके अलावा सरकार ने बोर्ड और निगमों में भी कई नियुक्तियां की हैं। राज्य सरकार ने संजीव कटवाल और पुरुषोत्तम गुलेरिया को बोर्ड व निगम का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। संजीव कटवाल पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के ओ.एस.डी. रह चुके हैं, वहीं पुरुषोत्तम गुलेरिया कर्मचारी नेता थे। 

लोक सेवा आयोग में 2 सदस्यों के पद सृजित
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग में 2 सदस्यों के पद भी सृजित किए गए हैं। इसके तहत वरिष्ठ पत्रकार डा. रचना गुप्ता के रूप में 1 पद को मंगलवार को भर दिया गया है। डा. रचना गुप्ता को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। मंगलवार को राजभवन में डा. रचना गुप्ता को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य के रूप में शपथ दिलवाई। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने रचना गुप्ता को शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उपस्थित थे। 

हैंडीक्राफ्ट एंड कार्पाेरेशन लिमिटेड के उपाध्यक्ष बने संजीव कटवाल 
जानकारी के अनुसार सरकार ने संजीव कटवाल को हिमाचल प्रदेश राज्य हैंडीक्राफ्ट एंड कार्पाेरेशन लिमिटेड का उपाध्यक्ष बनाया है। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह इसके अध्यक्ष होंगे। इसके अलावा ए.सी.एस. वित्त डा. श्रीकांत बाल्दी, प्रधान सचिव उद्योग आर.डी. धीमान, निदेशक उद्योग राजेश शर्मा तथा एम.डी. एच.पी. स्टेट हैंडीक्राफ्ट एंड हैंडलूम कार्पोरेशन राम कुमार गौतम को इसका निदेशक बनाया गया है, साथ ही अजय बोध, विनोद कुमार और बलदेव सिंह नेगी नॉन-ऑफिशियल मैंबर होंगे। 

पुरुषोत्तम गुलेरिया खादी एंड विलेज इंडस्ट्री बोर्ड के उपाध्यक्ष 
पुरुषोत्तम गुलेरिया को हिमाचल प्रदेश खादी एंड विलेज इंडस्ट्री बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया है। इसके अध्यक्ष भी उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह होंगे, साथ ही ए.सी.एस. वित्त डा. श्रीकांत बाल्दी, प्रधान सचिव उद्योग आर.डी. धीमान, निदेशक उद्योग राजेश शर्मा, सी.ई.ओ. एच.पी. खादी एंड विलेज इंडस्ट्री बोर्ड जितेंद्र सांजटा को सदस्य तथा सागर दत्त भारद्वाज, पिताम्बर लाल और सी.पी. शर्मा को नॉन-ऑफिशियल मैंबर लगाया गया है। सूत्रों के अनुसार हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग में सदस्यों की संख्या अब 3 से बढ़ाकर 5 कर दी गई है। इनमें से 1 पद भर दिया गया है तथा दूसरे पद को आने वाले दिनों में भरे जाने की संभावना है।

महिलाओं को न्याय दिलाना प्राथमिकता : डेजी
प्रदेश महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डा. डेजी ठाकुर ने कहा कि महिला आयोग में महिलाओं को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के हित के लिए वह पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि महिला आयोग के समक्ष जो भी मामले आएंगे, वह उनका समय पर निपटारा करेंगी। आयोग में बहुत से केस अभी लंबित हैं और इस संबंध में वह कड़ाई के साथ प्रदेश की महिलाओं को न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास करेंगी।