सरकार का आधा कार्यकाल पूरा होने वाला लेकिन नहीं चला डबल इंजन : अभिषेक

Thursday, Jan 09, 2020 - 04:45 PM (IST)

बिलासपुर : बुधवार को देर शाम प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के चेयरमैन अभिषेक राणा ने जिला बिलासपुर के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान बरठीं व झंडूता में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बरठीं में पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन ओम प्रकाश के घर पहुंचकर उनके भाई के निधन पर शोक जताते हुए सांत्वना दी तथा कहा कि दु:ख की घड़ी कांग्रेस पार्टी उनके साथ है। इसके बाद में पत्रकारों को संबोधित करते हुए अभिषेक राणा ने कहा कि झंडूता विस क्षेत्र का प्रभारी रहने के नाते वह व्यक्तिगत तौर से भी यहां के कार्यकर्ताओं व क्षेत्र की समस्याओं से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि यहां का सबसे बड़ा मामला भाखड़ा विस्थापितों से जुड़ा हुआ है, जिन्हें अब तक उनके पूरे हक नहीं मिल पाए हैं। वर्षों से भाखड़ा विस्थापित अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं, जिनका हमेशा कांग्रेस पार्टी ने साथ दिया है और आगे भी देती रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश व केंद्र सरकार विकास के कार्य करवाने में नाकाम रही हैं। बड़ी हैरानी की बात है कि डबल इंजन स्टार्ट ही नहीं हुआ और प्रदेश सरकार का आधा कार्यकाल बीतने वाला है। उन्होंने इस दौरान कार्यकर्ताओं से भी बातचीत की तथा क्षेत्र की समस्याओं के बारे में चर्चा की।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनावों को अभी समय है लेकिन सरकार कर नाकामियों को लेकर अभी से घर-घर दस्तक देनी होगी। एनआर.सी. व सी.ए.ए. के दुष्प्रभावों से जनता को अवगत करवाना होगा कि यह सरकार देश को धर्म, जाति व समुदाय के आधार पर बांटकर लड़ाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही वो संगठन है जिसने बिना किसी भेदभाव के जनता की सेवा की है लेकिन जब भी भाजपानीत सरकारें आती हैं तो लोगों को बांटने का काम शुरू हो जाता है। ईष्र्या, द्वेष भावना से काम करना ही इन सरकारों का एजैंडा बन जाता है।
 

kirti