मुख्यमंत्री के 57 वें जन्मदिवस पर 57 यूनिट रक्त किया दान

Thursday, Jan 06, 2022 - 02:45 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के 57 वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वीरवार को हरोली भाजपा के नेता एवं औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रोफेसर रामकुमार की अगुवाई में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। भाजयुमो की जिला इकाई द्वारा आयोजित किए गए इस शिविर के दौरान युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने 57 यूनिट रक्त का दान किया। इस दौरान औद्योगिक निगम के उपाध्यक्ष प्रोफेसर रामकुमार ने स्वयं 34 वीं बार रक्तदान किया। उन्होंने युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने इस दौरान मुख्यमंत्री की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की भी कामना की। 

भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला इकाई द्वारा वीरवार को हरोली अस्पताल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के 57 वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान का शिविर आयोजित किया। इस मौके पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने 57 यूनिट रक्त का दान करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष और स्थानीय भाजपा नेता प्रोफेसर रामकुमार ने भी 34 वीं बार रक्तदान करते हुए कार्यकर्ताओं की इस पहल को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ प्रदेश भर में भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जन्म दिवस मनाया जा रहा है वहीं हरोली में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने रक्तदान शिविर लगाकर आने वाले समय में कोविड-19 की विकट परिस्थितियों में रक्त की कमी को दूर करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविरों का आयोजन करते हुए पीड़ित मानवता की सेवा को हाथ आगे बढ़ाए गए हैं। इसी क्रम को आगे भी जारी रखा जाएगा। 

इस मौके पर भाजयुमो के जिलाध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य कमल सैनी ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के 57 वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 57 यूनिट रक्त का दान किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बीते 4 सालों में वंचित वर्गों को ध्यान में रखते हुए अनेकों कल्याणकारी योजनाएं चलाई और उनका लाभ पंक्ति के अंतिम पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मुख्यमंत्री के जन्मोत्सव पर रक्तदान शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य क्षेत्र में रक्त की कमी से जूझ रहे लोगों को मदद प्रदान करने का प्रयास किया है।
 

Content Writer

prashant sharma