गुड़िया मामला : आरोपी के खिलाफ अदालत में चला ट्रायल, 2 गवाह हुए पेश

Saturday, Jun 23, 2018 - 10:06 PM (IST)

शिमला: बहुचर्चित गुड़िया रेप और मर्डर केस में एकमात्र अभियुक्त अनिल उर्फ  नीलू के खिलाफ  शनिवार को अदालत में ट्रायल शुरू हो गया। पहले दिन इस मामले से संबंधित 2 गवाह पेश हुए, जिस पर अदालत में जिरह चली। अभियुक्त नीलू भी इस दौरान अदालत में मौजूद रहा। अब अदालत में नियमित गवाहियों का दौर चलेगा और ट्रायल के दौरान मामले से जुड़े कुल 62 गवाह अदालत में पेश होंगे। इससे पहले अभियुक्त अनिल को बीते 15 जून को अदालत में पेश किया गया था। उस दौरान अभियुक्त ने न्यायाधीश के समक्ष अपना जुर्म कबूलने से इंकार करते हुए कहा था कि उसने इस हत्याकांड को अंजाम नहीं दिया है और वह इस मामले में ट्रॉयल का सामना करने को तैयार है।


आरोपी को मिला सरकारी वकील
आरोपी द्वारा अपनी पैरवी के लिए वकील का इंतजाम करने में विफल रहने पर अदालत के आदेश पर उसे सरकारी वकील मिला है। सी.बी.आई. ने बीते 13 अप्रैल को आरोपी नीलू को शिमला जिले के हाटकोटी से गिरफ्तार कर गुडिय़ा केस को सुलझाने का दावा किया था। आरोपी के खिलाफ  सी.बी.आई. बीते 29 मई को हाईकोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।


इस निष्कर्ष पर पहुंची सी.बी.आई.
सी.बी.आई. का दावा है कि आरोपी ने दुष्कर्म के बाद गुड़िया को बर्बरता से मौत के घाट उतारा था। आरोपी की गिरफ्तारी के पीछे सी.बी.आई. डी.एन.ए. व फोरैंसिक जांच रिपोर्ट का हवाला दिया था। सी.बी.आई. के अनुसार डी.एन.ए. प्रोफाइलिंग की रिपोर्ट के अनुसार आरोपी के डी.एन.ए. का घटनास्थल तथा शव से बरामद डी.एन.ए. सामग्री से सौ प्रतिशत मिलान हुआ है और इसी के बाद ही जांच एजैंसी इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि गुड़िया का असली कातिल पकड़ा गया आरोपी ही है।


जिंदल सी.बी.आई. के पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त
राज्य सरकार ने सी.बी.आई. अदालत के समक्ष गुडिय़ा मामले के ट्रायल व अन्य अदालतों में इससे जुड़े चल रहे मामलों की पैरवी करने के विशेष तौर पर अमित जिंदल को सी.बी.आई. का पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किया है। इस आशय से संबंधी अधिसूचना अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह की तरफ से जारी की गई है।

Vijay