गुड़िया प्रकरण : सूरज हत्याकांड के आरोपियों की फिर बढ़ी न्यायिक हिरासत

Tuesday, Nov 07, 2017 - 10:41 PM (IST)

शिमला: गुड़िया प्रकरण से जुड़े लॉकअप हत्याकाड मामले में गिरफ्तार चल रहे आई.जी. एच. जहूर जैदी सहित अन्य आरोपियों की न्यायिक हिरासत 15 नवम्बर तक बढ़ गई है। मंगलवार को कोटखाई पुलिस स्टेशन के लॉकअप में हुई आरोपी सूरज की हत्या के मामले में गिरफ्तार आठों आरोपियों को वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश किया गया। इसी कड़ी में मामले की सुनवाई करते अदालत ने आई.जी., डी.एस.पी. सहित 8 पुलिस कर्मचाारियों को फिर से न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश सुनाए, ऐसे में अब सभी आरोपियों को 15 नवम्बर को वीडियों कांफ्रैंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश किया जाएगा। 

29 अगस्त को गिरफ्तार किए थे आरोपी
सी.बी.आई. ने पुलिस लॉकअप हत्या मामले में बीते 29 अगस्त को एस.आई.टी. के सदस्यों को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपियों को कंडा जेल में रखा गया है। गुड़िया प्रकरण में गिरफ्तार एक आरोपी सूरज की बीते 18 जुलाई की रात को कोटखाई थाने में हत्या हो गई थी। इस मामले में सी.बी.आई. ने उक्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है।

वॉयस टैस्ट करवाने की तैयारियों में सी.बी.आई.
लॉकअप हत्याकांड मामले में गिरफ्तार चल रहे सभी आरोपियों के सी.बी.आई. वॉयस टैस्ट करवाने की तैयारियों में है। इसी कड़ी में सी.बी.आई. ने अदालत में दरख्वास्त दायर की है, जिसका जवाब आरोपी 15 नवम्बर को न्यायालय में दायर करेंगे। सी.बी.आई. को उम्मीद है कि वॉयस टैस्ट से गुड़िया केस में काफी मदद मिल सकती है। 

सी.बी.आई. ने इन्हें किया गिरफ्तार
लॉकअप हत्याकांड मामले में सी.बी.आई ने एस.आई.टी. के मुखिया आई.जी. एच. जहूर जैदी, पूर्व डी.एस.पी. मनोज जोशी, एस.एच.आे. राजेंद्र सिंह, ए.एस.आई. दीप चंद शर्मा, कास्टेबल रंजीत सिंह, हैड कांस्टेबल सूरत सिंह, मोहन लाल और रफीक अली को गिरफ्तार किया था। उक्त सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी निलंबित चल रहे हैं।