गुड़िया मामला : मदद सेवा ट्रस्ट ने घेरी CBI, जमकर की नारेबाजी

Thursday, Oct 26, 2017 - 12:13 AM (IST)

शिमला: गुड़िया मामले बारे मदद सेवा ट्रस्ट के सदस्यों से बातचीत न करने पर निजी होटल में ठहरे सी.बी.आई. अधिकारियों से नाराज ट्रस्ट के सदस्यों ने यहां विरोध स्वरूप जमकर नारेबाजी की। बुधवार को उच्च न्यायालय में गुड़िया मामले की सुनवाई के बाद जैसे ही सी.बी.आई. बाहर आई तो ट्रस्ट के सदस्यों ने यहां अधिकारियों को घेर लिया। इस दौरान सदस्यों ने गुडिय़ा मामले से जुड़े कई सवाल सी.बी.आई. अधिकारियों से किए, वहीं अधिकारी भी इस बीच यहां बिना कुछ जवाब दिए कन्नी काटते हुए नजर आए। हालांकि इसके बाद भी ट्रस्ट के सदस्यों ने कुछ देर तक सी.बी.आई. अधिकारियों का पीछा किया, साथ ही लगभग 15 मिनट तक नारेबाजी कर इस मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग उठाई। 

अधिकारियों को मजबूरन मिलने व वार्ता के लिए देना पड़ा समय 
माहौल को देखते हुए सी.बी.आई. अधिकारियों को मजबूरन ट्रस्ट के सदस्यों को मिलने व वार्ता के लिए समय देना पड़ा। देर शाम 6 बजे ट्रस्ट के सदस्यों व सी.बी.आई. शिमला ब्रांच के डी.एस.पी. के बीच तकरीबन 10 मिनट तक वार्तालाप हुआ। इस वार्तालाप के दौरान डी.एस.पी. ने ट्रस्ट को आश्वासन दिया है कि जांच सही दिशा में चल रही है, वहीं ट्रस्ट की अध्यक्ष तनुजा थापटा ने बताया कि डी.एस.पी. के आश्वासन से वे संतुष्ट हैं। हालांकि वे मामले की जांच कर रहे दिल्ली सी.बी.आई. के अधिकारियों से मिलना चाहते हैं जिसके लिए उन्हें आज समय दिया गया है। 

ट्रस्ट के सदस्यों का सी.बी.आई. से यह था सवाल  
मदद सेवा ट्रस्ट के सदस्यों का सी.बी.आई. से यह सवाल था कि आखिरकार बीते 90 दिनों की जांच के दौरान कोटखाई की नाबालिग छात्रा का बलात्कार करने वाले आरोपियों के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हो पाई है।