लाहौल-स्पीति में हाईड्रो प्रोजैक्ट से होगा ये नुक्सान, डॉक्यूमैंट्री से दिखाई किनौर की त्रासदी

Sunday, Dec 29, 2019 - 04:30 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): जिला लाहौल-स्पीति में प्रस्तावित हाईड्रो प्रोजैक्ट के विरोध में किन्नौर में हुई त्रासदी की डॉक्यूमैंट्री दिखाई गई, जिसे लाहौल-स्पीति के सैंकड़ों लोगों ने देखा और डॉक्यूमैंट्री देखकर सवाल-जवाब भी किए। इस दौरान उन्होंने जिला में बनने वाले प्रोजैक्टों पर चिंता जताते हुए कहा कि इन प्रोजैक्ट्स से जिला का वातावरण प्रभावित होगा। वहीं भूकंप जोन-5 में आने वाले क्षेत्र में भूकंप की गतिविधियां बढ़ जाएंगी।

लोगों ने एक स्वर में विरोध करते हुए कहा कि लाहौल में तबाही लाने वाले प्रोजैक्ट उन्हें किसी भी सूरत में मंजूर नहीं हैं। इन प्रोजैक्ट का व्यापक स्तर पर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चिनाब नदी पर ऐसे प्रोजैक्ट नहीं बनने चाहिए क्योंकि नदी के प्रति लोगों की धार्मिक आस्था है।

सेव लाहौल-स्पीति संस्था के अध्यक्ष प्रेम चंद कटोच ने बताया कि अभी हाल ही में लाहौल-स्पीति में चिनाव नदी पर 5 प्रोजैक्ट के एमओयू साइन हुए हैं, इसके अतिरिक्त वहां पर 16 और प्रोजैक्ट प्रपोज्ड हैं। उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति की जनता नहीं चाहती है कि वहां पर इस प्रकार के प्रोजैक्ट आएं क्योंकि ये प्रोजैक्ट विध्वंस मॉडल हैं जो विकास के नाम पर तबाही मचाएंगे।

इसी के चलते लोगों को जागरूक करने के लिए किन्नौर में प्रोजैक्ट््स बनने से हुई त्रासदी को लेकर एक डॉक्यूमैंट्री दिखाई गई। उन्होंने कहा कि इस दौरान एक वर्कशॉप का भी आयोजन किया गया, जिसमें बुद्धिजीवी वर्ग, पर्यावरण के ज्ञाता लोगों ने भी शिरकत की तथा लोगों को इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

Vijay