हिमाचल का बढ़ा मान, हरोली के डाॅ. सौरव शर्मा को मिला युवा वैज्ञानिक पुरस्कार

Friday, Jun 17, 2022 - 09:14 PM (IST)

हरोली (संजीव दत्ता): विधानसभा हरोली के गांव ललड़ी से संबंध रखने वाले डाॅ. सौरव शर्मा अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में युवा वैज्ञानिक के रूप में नवाजे गए हैं। इससे जिला ऊना ही नहीं बल्कि पूरा प्रदेश गौरवान्वित हुआ है क्योंकि डाॅ. सौरव शर्मा एकमात्र हिमाचली हैं, जिन्हें यह पुरस्कार मिला है। 14 से 16 जून तक 3 दिवसीय गुरुग्राम में चले अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में डाॅ. सौरव शर्मा को युवा वैज्ञानिक पुरस्कार मिला है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों तथा विश्व के अन्य देशों से वैज्ञानिकों ने भाग लिया था। सम्मेलन में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अतिरिक्त महानिदेशक (बीज) डाॅ. डीके यादव, अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय खरपतवार सोसायटी अमरीका डाॅ. समुंदर सिंह और विभागाध्यक्ष मृदा एवं फसल प्रबंधन केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान डाॅ. आरके यादव सहित अन्य वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

डाॅ. शर्मा को यह पुरस्कार कृषि विज्ञान में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला है। डाॅ. सौरव शर्मा कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर स्थित धौलकुआं में विषयवस्तु विशेषज्ञ एग्रोनोमी (सस्य विज्ञान) के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले डाॅ. शर्मा ने कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश में लगभग साढ़े 4 वर्ष तक सेवाएं दी हैं। इसमें से लगभग अढ़ाई वर्ष उन्होंने जिला ऊना में बतौर कृषि विकास अधिकारी सेवाएं दीं। इसमें उन्होंने विभिन्न कृषि नवीनतम तकनीकों के बारे में किसानों को जागरूक किया। 

डाॅ. सौरव शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा बाल विद्या निकेतन स्कूल हरोली तथा जमा एक व जमा दो की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल दुलैहड़ से हुई। डाॅ. सौरव शर्मा के पिता परविन्द्र कुमार शर्मा, माता दर्शना शर्मा, चाचा डाॅ. प्रवीण शर्मा, अम्बरीश शर्मा व विवेक शर्मा ने बताया कि उनके बेटे ने अपने दायित्व को सदैव प्रथम रखते हुए उच्च मुकाम हासिल किया है, जिससे उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने किसान परिवार से संबंधित होने के चलते किसानों के लिए सदा ही आगे बढ़कर काम किया है। गौरतलब है कि युवा वैज्ञानिक का पुरस्कार प्राप्त करने वाले डाॅ. सौरव शर्मा की पत्नी भी कृषि विश्वविद्यालय में बतौर असिस्टैंट प्रोफैसर अपनी सेवाएं दे रही हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay