वीरभद्र के फैसले का कौल ने किया विरोध, कहा कोई फायदा नहीं होगा

Sunday, Jan 22, 2017 - 05:21 PM (IST)

मंडी : हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर का कहना है कि धर्मशाला में दूसरी राजधानी बनाने से कोई लाभ नहीं मिलने वाला। जानकारी के मुताबिक यह बात उन्होंने रविवार को मंडी में एक समारोह में शिरकत करने के उपरांत पत्रकारों के साथ बातचीत में कही। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में दूसरी या तीसरी राजधानी बनाने से कोई फायदा नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि यह विषय कैबिनेट में चर्चा के लिए आने वाला है और उसके बाद ही तय होगा कि राजधानी पर कितना खर्च आएगा और क्या इसकी आगामी रूपरेखा होगी। वहीं उन्होंने प्रदेश में नए जिलों के गठन की संभावनाओं की बात को भी सिरे से खारिज किया।

कौल सिंह ठाकुर की डॉक्टरों पर अपील
वहीं दूसरी ओर प्रदेश में सोमवार को होने वाली डॉक्टरों की हड़ताल पर बोलते हुए स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने डॉक्टरों से हड़ताल पर न जाने का आहवान किया। कौल सिंह ठाकुर ने डॉक्टरों से अपील करके यह कहा है कि वह छोटी छोटी बातों पर हड़ताल पर चले जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए कानून बना रही है और इस कानून को बजट सत्र के दौरान सदन में पेश किया जाएगा। इस मौके पर कौल सिंह ठाकुर ने हिप्र कैमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा लिए गए निर्णय की सराहना की। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में नशीली दवाइयों को बिना डॉक्टर की अनुमति के न बेचने का जो निर्णय लिया गया है वह तारीफ ए काबिल है और इस प्रकार का प्रयास प्रदेश के बाकी जिलों को भी करना होगा।