हिमाचलियों को रोजगार नहीं दिया तो भुगतने पड़ेंगे परिणाम: विक्रम

Saturday, Jul 21, 2018 - 10:50 AM (IST)

मानपुरा (बस्सी): उद्योग, श्रम एवं रोजगार तथा तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री विक्रम सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य में सुशासन, बेहतर सुधार, सुदृढ़ अधोसंरचना, वित्तीय प्रबंधन एवं त्वरित सेवाओं के माध्यम से स्थापित उद्योगों तथा निवेशकों को पूर्ण सहयोग एवं सहायता प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है, वहीं उद्योगपतियों को भी अपने उद्योगों में हिमाचलियों के  रोजगार का ध्यान रखना पड़ेगा नहीं तो भविष्य में इसके परिणाम भुगतने को भी तैयार रहना चाहिए। विक्रम सिंह आज नालागढ़ के बद्दी में उद्योग विभाग द्वारा आयोजित विचार-विमर्श कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। 


इस कार्यक्रम का आयोजन कंबोडिया में विशेष रूप से हिमाचली उद्यमियों को निवेश करने की संभावनाओं के दृष्टिगत किया गया। उद्योग मंत्री ने कहा कि व्यापार करने की सुगमता (ईज़ ऑफ  डूइंग बिजनैस) में हिमाचल प्रदेश को देशभर में 16वां स्थान प्राप्त हुआ है। पहले हिमाचल 17वें नंबर पर था। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के लिए एक नई औद्योगिक विकास योजना अधिसूचित की है। इस योजना के अनुसार हिमाचल प्रदेश में स्थापित एवं नई औद्योगिक इकाइयों को केंद्रीय पूंजी निवेश प्रोत्साहन उपलब्ध करवाया जाएगा। यह प्रोत्साहन अधिकतम 5 करोड़ रुपए के निवेश तक 30 प्रतिशत की दर से उपलब्ध होगा। 


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2018-19 में औद्योगिक क्षेत्र के लिए बिजली की दरों में न के बराबर बढ़ोतरी की है। इससे सभी उद्योग लाभान्वित होंगे। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ उद्योग संघ के अध्यक्ष शैलेश अग्रवाल ने सभी का स्वागत किया तथा बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में वर्तमान औद्योगिक परिदृश्य पर प्रकाश डाला। संघ के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र गुलेरिया ने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों के संबंध में एक प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में क्षेत्र में लगभग 2200 उद्योग स्थापित हैं तथा इन उद्योगों में 2 लाख 75 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। 


इस मौके पर बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव कुमार, क्षेत्र में स्थापित विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा,  हिमाचल प्रदेश दवा उत्पादक संघ के अध्यक्ष राजेश गुप्ता पुलिस उप अधीक्षक बद्दी खजाना राम,  मंडल अध्यक्ष बलवीर ठाकुर, डा. श्री कांत, कैप्टन डी.आर. चंदेल व बलविंद्र ठाकुर सहित अन्य विभागों के अधिकारी,  भा.म.स. के जिला अध्यक्ष मेहूल मेहता व गण्यमान्य व्यक्ति तथा निवेशक इस अवसर पर उपस्थित थे।


कंबोडिया में निवेश को आगे आएं उद्योगपति : माणिका 
कंबोडिया में भारत की राजदूत माणिका जैन जोकि भारतीय विदेश सेवा की वरिष्ठ अधिकारी हैं ने इस अवसर पर कहा कि केंद्रीय विदेश मंत्रालय के निर्देशानुसार विभिन्न देशों में भारत के राजदूत देश के अलग-अलग राज्यों में जा रहे हैं। इसका उद्देश्य निवेशकों को संबंधित देश में निवेश के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि कंबोडिया व आसियान देशों को प्रमुख सदस्य हैं। इस देश में श्रम शक्ति सुलभ एवं सस्ती है तथा कंबोडिया की सामान्य वृद्धि दर 7.1 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि कंबोडिया में वस्त्र उद्योग, पर्यटन उद्योग, निर्माण उद्योग तथा कृषि क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने निवेशकों से आग्रह किया कि वे कंबोडिया में निवेश के लिए आगे आएं।

Ekta