दीवाली पर HRTC चंबा के यात्रियों को देगा यह तोहफा

Wednesday, Oct 04, 2017 - 03:02 PM (IST)

चंबा (विपिन): हिमाचल से बाहर रोजी-रोटी कमा रहे जिला चंबा के लोगों को दीवाली के त्यौहार पर बसों में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। हिमाचल पथ परिवहन निगम चंबा त्यौहारी सीजन में विभिन्न राज्यों के लिए जिला से स्पैशल बसें भेजेगा। निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला के बाहर सैंकड़ों लोग रोजी-रोटी कमा रहे हैं। इसके अलावा जिला चंबा में कार्यरत विभिन्न परियोजनाओं में भी विभिन्न राज्यों के लोग रोजगार में जुटे हुए हैं। चंबा डिपो से स्पैशल बसें राजधानी दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों को भेजी जाएंगी ताकि यहां कार्यरत लोगों और बाहरी राज्यों में चंबा से संबंधित लोगों को घर आने में दिक्कतें पेश न आएं। इन स्पैशल बसों को जिला से दीवाली से 1-2 दिन पहले शुरू कर दिया जाएगा। 


सोमवार को भेजी थी 2 बसें
हिमाचल पथ परिवहन निगम चंबा डिपो के अनुसार दशहरा पर्व के दौरान घर आए लोगों को अपने गंतव्य स्थानों तक पहुंचाने के लिए चंबा डिपो से सोमवार को 2 स्पैशल बसें भेजी थीं। इन बसों को यात्रियों की मांग को देखते हुए चंबा बस अड्डा से शुरू किया गया था। 


हैड ऑफिस के आदेशों के बाद भेजी जाएंगी बसें
परिवहन निगम के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली सहित अन्य पड़ोसी राज्यों को कितनी बसें भेजी जानी हैं, इसका निर्णय हैड ऑफिस से निर्देश आने के बाद ही किया जाएगा। विभाग जिस क्षेत्र के लिए बसें मुहैया करवाने का निर्देश देगा, चंब डिपो से उसी क्षेत्र के लिए बसें उपलब्ध करवा दी जाएंगी।