गिरीपार में पारंपरिक मशाल यात्रा के साथ दिवाली का आगाज

Sunday, Nov 15, 2020 - 06:04 PM (IST)

नाहन (सतीश): सिरमौर जिला के गिरीपार इलाके में पारंपरिक मशाल यात्रा के साथ दिवाली पर्व की शुरूआत हो गई है। क्षेत्र में दीपावली का पर्व 2 से 3 दिनों तक मनाया जाता है। परंपरा के अनुसार अमावस्या की रात गांव के लोग मंदिर परिसर में एकत्रित होते हैं और यहां से मशाल यात्रा निकाली जाती है। मशाल यात्रा शुरू होने के साथ ही दीपावली का भी आगाज हो जाता है।

लोगों का मानना है कि मशाल यात्रा से गांव में भूत-प्रेतों का साया नहीं पड़ता है। इस दौरान देवी-देवताओं से इलाके की सुख-समृद्धि की भी कामना की जाती है। खास बात यह भी है कि इस मशाल यात्रा में सिर्फ पुरुष वर्ग हिस्सा लेता है। पूरे गांव का भ्रमण करने के बाद मशाल यात्रा में हिस्सा लेने वाले लोग वापस मंदिर परिसर में पहुंचते हैं जहां फिर नाच-गाना शुरू हो जाता है।

दीपावली पर्व के दौरान 2 से 3 दिनों तक यहां एक ओर पहाड़ी संस्कृति की झलक देखने को मिलती है, वहीं दूसरी ओर इस दौरान विशेष प्रकार के पहाड़ी व्यंजन भी मेहमानों के लिए तैयार किए जाते हैं। इनमें मुड़ा, शाकली व असकली तेलपक्की मुख्य रूप से शामिल है। लोगों का कहना है कि इस पर्व का उन्हें बेसब्री से इंतजार रहता है।

Vijay