रेहड़ी-फड़ी वाले के दिव्यांग बेटे ने किया हिमाचल का नाम रोशन, CM ने किया सम्मानित

Thursday, May 31, 2018 - 02:09 PM (IST)

कुल्लू: रेहड़ी-फड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले देवी सिंह के दिव्यांग बेटे ठाकुर दास को देश के लिए 2 मैडल दिलाने पर प्रदेश सरकार ने 4 लाख रुपए देकर सम्मानित किया। ठाकुर पिछले वर्ष देश की ओर से ऑस्ट्रिया में हुई स्नो बोर्ड गेम्ज में इंटरनैशनल खेल कर सिल्वर और ब्राऊंज मैडल पर कब्जा किया था, जिसके चलते प्रदेश सरकार ने भारत के युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से 4 लाख रुपए का चैक देकर सम्मानित किया है। जब दिव्यांग बेटे ने मुख्यमंत्री के हाथों से 4 लाख रुपए का इनाम प्राप्त किया तो साथ गए पिता देवी सिंह की आंखों से खुशी के आंसू झलक पड़े। 


बुधवार को खिलाड़ी इनाम लेकर कुल्लू पहुंचा और लोगों ने उसको बधाई दी। ऑस्ट्रिया में 14 से 25 मार्च, 2017 तक आयोजित विशेष ओलिम्पिक शीतकालीन स्नो बोर्ड खेल में कुल्लू जिला की मणिकर्ण घाटी के तहत पडऩे वाली पुंथल पंचायत के डूंखरा के रहने वाले दिव्यांग छात्र ने रजत और कांस्य पदक देश की झोली में डाला था। उसने इंडिया टीम का प्रतिनिधित्व किया था और 16 देशों के साथ खिलाड़ी स्नो में भिड़ा था। हालांकि जब खिलाड़ी ऑस्ट्रिया से वापस अपने प्रदेश में पहुंचा था तो उस दौरान कांग्रेस सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने शिमला में कांस्य पदक हासिल करने के लिए 25,000 और रजत पद हासिल करने के लिए 50,000 रुपए इनाम दिया था।  
 
 


 

Ekta