जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन व उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव

Tuesday, Sep 08, 2020 - 04:57 PM (IST)

कांगड़ा (रूशांत): कांगड़ा जिला में कोरोना का कहर लगातार जारी है। बीते कल जहां डीसी कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई तो वहीं आज जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय महाजन तथा उनकी धर्मपत्नी वेणी महाजन कोरोना पॉजिटिव निकले है। दोनों ने अपने आप को घर पर आइसोलेट कर लिया है तथा उनका उपचार चल रहा है। अजय महाजन ने फोन पर सम्पर्क करते हुए इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के दौरान उन्होंने सरकार के नियमों का पूरी सतर्कता से पालन किया व सतर्कता बरतते हुए क्षेत्र के लोगों में सक्रिय थे लेकिन वायरस ने उन्हें भी नही बख्शा।

पिछले कुछ दिनों से बीमार थे अजय महाजन

जानकारी अनुसार अजय महाजन पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। उन्हें हल्का बुखार व गले में दर्द था। उन्होंने अपना और पत्नी का कोरोना टैस्ट सोमवार को करवाया, जिसकी रिपोर्ट  पॉजिटिव पाई गई है। अजय महाजन ने कहा कि वह पूरी सतर्कता बरतने के बावजूद कोरोना की चपेट में आ गए हैं। अत: लोगों से आग्रह करते हैं कि जो भी पिछले दिनों उनके संपर्क में आए हैं वे अपने आप को आइसोलेट कर लें।

बेटा व बहू होटल में हुए आइसोलेट 

जानकारी अनुसार अजय महाजन की तबीयत खराब होने बाद ही उन्हाेंने अपने बेटे अम्बर व बहू सहित 2 पोतों को उनके होटल में आइसोलेट होने के लिए भेज दिया था। महाजन के बेटे अम्बर ने पुष्टि करते हुए बताया कि वे 4 दिन पहले ही अपने होटल में आइसोलेट हो गए थे।

Vijay