सोलन में कांग्रेस की एकजुटता की खुली पोल, प्रदेशाध्यक्ष के सामने उलझे जिला व शहरी कांग्रेस अध्यक्ष

Monday, Dec 14, 2020 - 07:23 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर के सामने ही सोलन में कांग्रेस की एकजुटता की पोल खुल गई है। प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष व शहरी कांग्रेस अध्यक्ष में तीखी नोक-झोंक हो गई, वहां पर मौके पर मौजूद कांग्रेसी नेताओं ने बीच बचाव कर दिया नहीं तो मामला और भी बिगड़ सकता था। हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष किनारे पर बैठ कर सब कुछ देख रहे थे। मामला शांत होते ही वे वहां से निकल गए।

हुआ यूं कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को सोलन के दौरे पर थे। उन्होंने नगर निगम व पंचायतों के जारी हुए रोस्टर को लेकर जिलाधीश को ज्ञापन दिया। हालांकि इससे पूर्व जिला कांग्रेस प्रभारी केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस की एक मीटिंग हुई। जिलाधीश सोलन को ज्ञापन देने के बाद जिला कांग्रेस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेताओं के लिए दुर्गा क्लब में लंच रखा हुआ था। कांग्रेसी नेताओं ने जैसे लंच किया, उसके थोड़ी देर बात कांग्रेस शहरी अध्यक्ष अंकुश सूद अपने कुछ समर्थकों के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से मिलने पहुंच गए। जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने उनसे मीटिंग में न आने का कारण पूछ लिया। इसको लेकर दोनों नेताओं में तीखी नोक-झोंक हो गई। अंकुश सूद को सोलन विधायक व पूर्व मंत्री धनीराम शांडिल का समर्थक माना जाता। विधायक धनीराम शांडिल भी वहां पर मौजूद थे।

विदित रहे कि सोलन कांग्रेस गुटबाजी में उलझ गई है। गुटबाजी इतनी बढ़ गई है कि सोलन में नगर निगम चुनाव में टिकट आबंटन के लिए बनाई गई कमेटी से जिला अध्यक्ष का पता ही काट दिया था। इस कमेटी में कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ शहरी व ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष को शामिल किया गया था लेकिन जिला अध्यक्ष को स्थान नहीं दिया गया लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने ऐसी किसी भी कमेटी के गठन से साफ इंकार कर दिया है।

इससे पहले कांग्रेस भवन में हुई कांग्रेस की बैठक में भी माहौल काफी गर्म रहा। वहां पर भी कुछ नेताओं ने सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल को घेरने की कोशिश की लेकिन कांग्रेस प्रदेश सचिव व अर्की के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र ठाकुर उनकी ढाल बनकर आए। उन्होंने उन नेताओं को खूब खरी-खरी सुनाई जो विधायक की घेराबंदी कर रहे थे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने नोक-झोंक की घटना से साफ इंकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने पार्टी के उन नेताओं से बैठक में न आने का कारण पूछा। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सूद का कहना है कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है जैसे बताया जा रहा है। उनकी तो केवल बातचीत हुई है। इससे ज्यादा कुछ नहीं हुआ है।

Vijay