प्रदेश महिला कांग्रेस में लोकसभा चुनाव से पहले फेरबदल की चर्चाएं

Friday, Oct 12, 2018 - 11:15 AM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को बदलने की अटकलों के बीच प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुशीला नेगी को भी बदलने की चर्चा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार सुशीला नेगी को ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस की नैशनल एग्जीक्यूटिव कमेटी का सदस्य बनाए जाने के बाद पार्टी हाईकमान ने इस दिशा में तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत 5 नेत्रियां महिला प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में शामिल बताई जा रही हैं। इनमें पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर का नाम भी शामिल है। इसी तरह जिला मंडी से ही सुमन चौधरी, जिला कुल्लू से विद्या नेगी व शिमला से अनीता वर्मा सहित एक अन्य महिला नेत्री का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। 

पार्टी उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 5 महिलाओं का एक पैनल महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष विचाराधीन है। इसमें से किसी एक महिला को प्रदेशाध्यक्ष बनाया जाना तय माना जा रहा है। गौर हो कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को बीते विधानसभा चुनाव में गुटबाजी का खमियाजा भुगतना पड़ा था। गुटबाजी के कारण प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता गंवानी पड़ी थी लेकिन अब आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहती है। ऐसे में यहां पार्टी के तहत व्यापक फेरबदल किए जाने की संभावना है। कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल इस माह के अंत में प्रदेश के दौरे पर आएंगी। इसके तहत 28 अक्तूबर को प्रदेश कांगे्रस कमेटी की बैठक भी आयोजित की जा सकती है। हालांकि अभी यह तिथि फाइनल नहीं हुई है। 

गीतांजलि भागड़ा को सौंपी महासचिव की कमान
महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सुशीला नेगी ने गीतांजली भागड़ा को प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।

दिल्ली दौरे पर चल रहे सुक्खू 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। जानकारी है कि अपने दौरे के दौरान वह आज पार्टी नेता अशोक गहलोत से मिले। इसके अलावा वह पार्टी के अन्य नेताओं से भी मिल सकते हैं। जानकारी है कि इस दौरान वह पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे तथा संगठन को लेकर चर्चा करेंगे। 

Ekta