धूमल ने जस्टिस लोया मामले पर घेरी कांग्रेस, लगाया ये आरोप

Friday, Apr 20, 2018 - 11:43 PM (IST)

हमीरपुर: जस्टिस लोया मामले में याचिका खारिज होने के बाद जनता में किरकिरी से बचने के लिए कांग्रेस महाभियोग का ड्रामा रच रही है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने जारी प्रैस विज्ञप्ति में कही। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि भगवा आतंकवाद के नाम पर कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती रही है। जिस तरह से जस्टिस लोया मामले में दाखिल जनहित याचिका को माननीय सर्वोच्च न्यायालय में खारिज किया गया है, उससे पूरी तरह से साफ  हो गया है कि यह बिल्कुल राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया था। 


नए-नए स्वांग रचती है कांग्रेस 
सर्वोच्च न्यायालय ने साफ  कहा है कि जज लोया की मौत प्राकृतिक थी, जिसमें कोई साजिश नहीं है। यह याचिका न्यायपालिका को बदनाम करने की साजिश है जिसके सामने आने से कांग्रेस की किरकरी हुई है। अब कांग्रेस पार्टी जनता में किरकिरी से बचने के लिए और अपनी पार्टी की साख बचाने के लिए महाभियोग का ड्रामा रच रही है। सत्ता की लोभी कांग्रेस पार्टी हमेशा सत्ता हासिल करने के लिए व लोगों का ध्यान भटकाने के लिए नए-नए स्वांग रचती रहती है और उसे हर बार मुंह की खानी पड़ती है। इस बार भी कांग्रेस अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाएगी।

Vijay