धूमल ने चिंतपूर्णी में अनुराग के लिए मांगे वोट, रामलाल ठाकुर पर किया पलटवार

Tuesday, May 07, 2019 - 03:30 PM (IST)

ऊना (अमित): ज्यों-ज्यों मतदान की तारीख नजदीक आ रही है त्यों-त्यों राजनितिक दल भी चुनाव प्रचार को गति दे रहे हैं। हिमाचल में दोनों प्रमुख राजनितिक दलों भाजपा और कांग्रेस के विधानसभा से लेकर प्रदेश स्तर के नेता अपने-अपने उम्मीदवार के लिए वोट मांग रहे हैं। अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लिए तो सभी प्रचार में जुटे हैं लेकिन पूर्व सी.एम. प्रेम कुमार धूमल अपनी पार्टी के प्रत्याशी के साथ-साथ अपने बेटे का भी प्रचार जोरशोर से कर रहे हैं। उन्होंने ऊना जिला के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में अनुराग ठाकुर के लिए चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने अनुराग ठाकुर द्वारा क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा जनता के समक्ष रखा। वहीं कांग्रेस की नाकामियों का भी जिक्र किया।

अनुराग के किए कामों को जानता है क्षेत्र का बच्चा-बच्चा

कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर द्वारा अनुराग ठाकुर से क्षेत्र के विकास और एम.पी. फंड पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को अनुराग द्वारा करवाया गया विकास दिखाई नहीं दे रहा जबकि क्षेत्र का बच्चा-बच्चा अनुराग के किए कामों को जानता है। उन्होंने कहा कि जिस रेल लाइन को कांग्रेस ने बंद कर दिया था उस रेल लाइन को अनुराग ने दौलतपुर तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में से हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में 7 बड़े शिक्षण संस्थान बने। अगर फिर भी कांग्रेसियों को विकास नहीं दिख रहा है तो वे अपने चश्में बदलें।

कांग्रेस के नेता टिप्पणियां करते समय रखें भाषा की मर्यादा का ध्यान

वहीं पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा पूर्व पी.एम. राजीव गांधी पर दिए गए बयान की कांग्रेस नेताओं द्वारा आलोचना करने पर उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के नेता ऐसी टिप्पणियां करते हैं तो उन्हें भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सभी नेताओं को भाषा की मर्यादा बरतने की नसीहत दी है।

Vijay