धूमल ने साधा निशाना, कहा-टोपी के माध्यम से हिमाचल को बांट रहे वीरभद्र

Friday, Sep 15, 2017 - 11:21 PM (IST)

कांगड़ा/हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री व विपक्ष के नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईजराइल यात्रा के दौरान जहां प्रदेश की हिमाचली टोपी का सम्मान बढ़ाया है, वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसके विपरीत हिमाचली टोपी का अपमान कर प्रदेश की जनता की भावनाओं की ठेस पहुंचाई है। कांगड़ा के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि हिमाचल की टोपी प्रदेशवासियों का मान-सम्मान है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह जिस तरह रामपुर बुशहर को अपना परिवार मानते हुए उनका सम्मान करते हैं वैसे हिमाचली टोपी का सम्मान उनको करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में ऐसा पहली बार हुआ है कि एक मुख्यमंत्री राजनीतिक परिदृश्य से टोपी के माध्यम से हिमाचल को बांट रहे हैं जोकि एक गलत राजनीति है।

मोदी ने हिमाचल को दिया दोहरा सम्मान
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री ने हमीरपुर जिला मुख्यालय के सर्किट हाऊस में पत्रकार वार्ता में कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल को एक बार फिर दोहरा सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भाखड़ा ब्यास मैनेजमैंट बोर्ड और सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड दोनों के ही चेयरमैन पद पर हिमाचलियों को ही तरजीह दी है। डी.के. शर्मा को बी.बी.एम.बी. और नन्द लाल शर्मा को एस.जे.वी.एन.एल. का जिम्मा मिला है। एच.आर.टी.सी. में चल रही विजिलैंस की जांच के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम 5 साल से कांग्रेस सरकार के हर विभाग में फैले भ्रष्टाचार की चर्चा कर रहे थे। बार-बार मुद्दे उठाते थे तब तो किसी को ख्याल नहीं आया। 

कांग्रेस में कोई पता नहीं कि कौन सच बोल रहा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब पार्टी के बीच इनका अपना झगड़ा चल रहा है। कौन सच बोल रहा है, कौन गलत कर रहा है, कौन सही कर रहा है, किसी का कोई पता नहीं है। बद्दी में बैग में मिली लाश के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून की स्थिति कितनी खराब है इस बात का अंदाजा यहीं से लगाया जा सकता है कि 70 वर्ष के इतिहास में पहली बार माननीय उच्च न्यायालय को गुडिय़ा प्रकरण और वन रक्षक होशियार सिंह की हत्या के मामले में सी.बी.आई. जांच के आदेश देने पड़े।