धूमल बोले-कांग्रेस के लिए आखिरी कील साबित होगी परिवर्तन यात्रा

Thursday, Jul 06, 2017 - 09:58 PM (IST)

चिंतपूर्णी: पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा द्वारा निकाली जा रही परिवर्तन यात्रा कांग्रेस के लिए आखिरी कील साबित होगी। वीरवार को चिंतपूर्णी में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में परिवर्तन रथयात्रा का आयोजन सत्ता में आने के लिए कर रही है जबकि कांग्रेस पदयात्रा सत्ता से बाहर होने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े 4 साल में कांग्रेस सरकार ने गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार व भाई-भतीजावाद की सभी सीमाएं पार कर दी हैं। प्रदेश में कांग्रेस सरकार होने के बावजूद भाजपा ने चारों लोकसभा चुनाव जीते। 2 उपचुनावों में जीत हासिल की तथा हाल ही में शिमला नगर निगम चुनावों में भी विजय हासिल की है। 

10 जुलाई को चिंतपूर्णी में होगा परिवर्तन यात्रा का समापन
उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को चिंतपूर्णी विस क्षेत्र के तहत मां चिंतपूर्णी के दरबार में पूजा-अर्चना के बाद अम्ब रामलीला मैदान में परिवर्तन यात्रा का समापन होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश अमरीका में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हिमाचली टोपी, शॉल, चाय, शहद व ब्रैस्लेट भेंट करके हिमाचल से अपना स्नेह दर्शाया है। इसराईल में भी हिमाचली टोपी पहनकर श्रद्धांजलि अर्पित की है।