धूमल ने साधा निशाना, कहा-कांग्रेस ने 10 वर्षों तक गुमराह किए सेब बागवान

Thursday, Oct 05, 2017 - 07:34 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने वीरवार को समीरपुर में अनौपचारिक प्रैस वार्ता में कहा कि जब देश में अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे तो उस समय प्रदेश की भाजपा सरकार के प्रयासों से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने सेब पर आयात शुल्क 50 प्रतिशत तक बढ़ाया था। उस समय डब्ल्यू.टी.ओ. के अनुबंध के अनुसार इससे ज्यादा सेब की ढुलाई पर आयात शुल्क बढ़ भी नहीं सकता था। उन्होंने कहा कि 2004 से केंद्र की कांग्रेस सरकार ने सेब बागवानों को 10 वर्षों तक गुमराह किया कि सेब आयात शुल्क शत-प्रतिशत बढ़ाया जाएगा लेकिन उस समय हिमाचल से यू.पी.ए. सरकार में वाणिज्य मंत्री रहे आनंद शर्मा ने भी सेब आयात शुल्क बढ़ाने की मांग पर यह कहा था कि डब्ल्यू.टी.ओ. के समझौते के अनुसार सेब पर आयात शुल्क 50 प्रतिशत से ज्यादा नहीं बढ़ सकता है।

प्रधानमंत्री का आभार जताने की बजाय कांग्रेस कर रही दुष्प्रचार 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर रैली में 70 लाख की आबादी के छोटे से प्रदेश को 1,351 करोड़ रुपए का एम्स तथा ट्रिपल आई.टी.आई. व स्टील प्लांट जैसे करोड़ों रुपए के बड़े प्रोजैक्ट देकर इतिहास रचा है लेकिन कांग्रेस के लोग प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करने की बजाय दुष्प्रचार करने में लगे हुए हैं। इससे कांग्रेस की हताशा और निराशा का पता चलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक चश्मा बदले और मोदी की बिलासपुर रैली में उमड़ी भीड़ का संकेत समझे।

प्रधानमंत्री ने नहीं किया ऐसा कोई वायदा 
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2014 में हुए हैं तथा 2013 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा कोई वायदा नहीं किया है जिससे सेब आयात शुल्क बढ़ाने की बात कही हो और न ही भाजपा के घोषणा पत्र में इसका जिक्र है। उन्होंने कहा कि जो बात हो नहीं सकती उस बात को कांग्रेस के लोग दूसरों के मुंह में डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक सुझाव जरूर दिया है, जिसमें शीतल पेयजलों में फ्रूट जूस डाला जाए ताकि इससे बागवानों की आर्थिकी बढ़ सके और लोग भी इसे पीकर स्वस्थ रहें।