धूमल का आरोप, कहा-कोटखाई रेप एंड मर्डर केस को उलझा रहीं सरकार व पुलिस

Wednesday, Jul 19, 2017 - 06:42 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश व देश के लिए शर्मनाक विषय है कि कोटखाई रेप और मर्डर मामला प्रतिदिन उलझाता जा रहा है, जिससे प्रदेश सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है। उन्होंने बुधवार को स्थानीय परिधि गृह में प्रैस वार्ता में कहा कि गुडिय़ा से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या मामले में जिस आरोपी की गवाही पर केस चलना था उसे ही कोटखाई पुलिस जेल में मार दिया जाता है और दलील दी जाती है कि जेल की कोठरी में 2 अभियुक्त थे, एक ने दूसरे को मार डाला। यानी अब तो इस सरकार में जेल में भी लोग सुरक्षित नहीं है। 

एक कोठरी में क्यों बंद रखे गवाह और आरोपी 
उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जिसकी हत्या हुई है वही गवाही दे रहा है कि जो उसके साथ कोठरी में बंद है उसी ने गुडिय़ा की हत्या की थी तो पुलिस ने दोनों आरोपियों को एक कोठरी में क्यों बंद रखा था। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस गुडिय़ा प्रकरण के सभी साक्ष्यों को सिलसिलेवार तरीके से खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि बड़े ही दुख की बात है कि जो लोग गुडिय़ा को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं उन्हें भी यह कहा जा रहा है कि भाजपा के लोग उन्हें पैसे देकर उकसा रहे हैं जोकि बेहद शर्मनाक व निंदनीय टिप्पणी है। उन्होंने कहा कि गुडिय़ा को न्याय दिलाने के लिए प्रदेश भाजपा ने फैसला लिया है कि 20 जुलाई को पूरा शिमला जिला बंद रहेगा तथा इसमें सभी शिमला जिला के लोग भाग लें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बंद पूरी तरह से शांतिपूर्वक रहे और किसी भी प्रकार से सरकारी संपत्ति को कोई नुक्सान न पहुंचे।

गुडिय़ा को न्याय और सी.एस. के त्याग पत्र पर अड़ी भाजपा 
उन्होंने कहा कि इसके बाद भाजपा पूरे प्रदेश में सभी 17 संगठनात्मक जिला मुख्यालय पर 21 जुलाई को धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक गुडिय़ा को न्याय नहीं मिल जाता और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह त्याग पत्र नहीं दे देते भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बड़े ही शर्म की बात है कि आज देव भूमि हिमाचल के भ्रष्ट मुख्यमंत्री के नाम का हवाला देकर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपने पद से त्याग पत्र नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कह रहे हैं कि हिमाचल के मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर मुख्यमंत्री हैं तो मैं उपमुख्यमंत्री पद पर क्यों नहीं रह सकता हूं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि देवभूमि अब भ्रष्टाचार व ड्रग भूमि के नाम से जानी जा रही है। इस अवसर पर जिला भाजपा के अध्यक्ष अनिल ठाकुर, महामंत्री अजय शर्मा व मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा भी मौजूद रहे।