धूमल बोले-भ्रष्टाचार मामले में अफसर की गिरफ्तारी से और बदनाम हुई देवभूमि

Wednesday, May 31, 2017 - 11:10 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर में अनौपचारिक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि देवभूमि हिमाचल पहले ही भ्रष्टाचार के दागों से बहुत शर्मसार है और गत दिवस हुई एक घटना जिसमें सी.बी.आई. ने हिमाचल के एक अफसर को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया है, उससे देवभूमि और बदनाम हुई है। इस मामले में सी.बी.आई. द्वारा दर्ज एफ.आई.आर. में मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी का नाम आने से कई तरह की शंकाएं जन्म ले रही हैं।

मामले की तह तक जाए सी.बी.आई.
उन्होंने कहा कि सी.बी.आई. ने अपनी एफ.आई.आर. में रिकार्ड किया है कि उक्त मामले के तार मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी से जुड़े हैं। भ्रष्टाचार का पैसा उक्त अधिकारी तक पहुंचाया जाना था। उन्होंने कहा कि एक तरफ  तो हिमाचल के नागरिकों को देश भर में सबसे ईमानदार होने का ईनाम मिलता है और दूसरी ओर बड़े पदों पर बैठे अधिकारियों का नाम ऐसे मामलों में आने से देवभूमि बदनाम हो रही है। उन्होंने कहा कि सी.बी.आई. इस मामले की तह तक जाए और सच्चाई का पता करे।