धूमल बोले- लोकतंत्र पर हावी हो रहा गुंडाराज

Thursday, Jul 06, 2017 - 09:26 AM (IST)

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने आरोप लगाया है कि राज्य में लोकतंत्र पर गुंडाराज हावी हो रहा है। भाजपा पार्षद संजय परमार पर हुए जानलेवा हमले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने इसकी कड़ी निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। धूमल ने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि प्रशासनिक असफलताओं और चुनावी हारों से हताश कांग्रेस पार्टी अब पत्थरबाजों के सहारे भय का वातावरण बना रही है। उन्होंने तर्क दिया कि कश्मीर के पत्थरबाजों और प्रदेश के पत्थरबाजों में अंतर सिर्फ इतना है कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को चुनौती दे रहे हैं और यहां पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को ही व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए दांव पर लगाया जा रहा है। 


पार्षद पर हमला मात्र एक आपराधिक घटना नहीं
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्षद पर हमला मात्र एक आपराधिक घटना नहीं है, बल्कि कांग्रेस की तरफ से प्रदेश की लोकतांत्रिक प्रणाली पर गहरा आघात है। उन्होंने सरकार पर नियमों व कायदों को ताक पर रखकर नियुक्तियां करने का आरोप लगाया, जिसमें भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार और चिट्टों पर भर्टियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में राज्य के युवा भर्ती प्रक्रिया में हुई इन धांधलियों का जवाब देंगे।