धूमल ने किया हमला, कहा-कांग्रेस ने महात्मा गांधी के नाम पर देश को लूटा

Sunday, Jul 02, 2017 - 10:42 PM (IST)

नूरपुर: नूरपुर के बौड़ क्षेत्र में राणा फार्म में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश की जनता को महात्मा गांधी के नाम पर लूटा है व बेवकूफ बनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन काल में गरीब परिवारों के बच्चों के लिए अटल वर्दी योजना शुरू की गई थी, जिसके तहत स्कूल में पढऩे वाले बच्चों को नि:शुल्क वर्दी तथा उसकी सिलाई भी मुहैया करवाई जाती थी लेकिन सत्ता परिवर्तन के साथ ही कांग्रेस ने उक्त योजना का नाम महात्मा गांधी वर्दी योजना रखा लेकिन गरीब बच्चों को वर्दी देना बंद कर दिया। 

बेरोजगारों के साथ किया भद्दा मजाक
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के बेरोजगारों के साथ भी भद्दा मजाक किया है। कांग्रेस अपने चुनावी घोषणा पत्र में बेरोजगार भत्ते को भी लागू न कर सकी। प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार पर विश्वास नहीं करती क्योंकि कांग्रेस ने जनता की उम्मीदों के साथ विश्वासघात किया है। आज प्रदेश की हालत यह है कि इस सरकार से युवा, किसान, बागवान व कर्मचारी सभी वर्ग दुखी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासन काल में हिमाचल में विकास भी हुआ है तथा प्रदेश को मान-सम्मान भी मिला है, चाहे वो अटल बिहारी वाजपेयी सरकार हो या वर्तमान में मोदी सरकार। 

भ्रष्ट सरकार को जड़ से उखाड़ कर भाजपा को काबिज करें
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने हिमाचल में विकास तो दूर की बात प्रदेश की उपेक्षा ही की है तथा अब समय आ चुका है कि इस भ्रष्ट सरकार को जड़ से उखाड़ कर प्रदेश में भाजपा को काबिज करें ताकि केंद्र के साथ मिलकर प्रदेश में विकास के आयाम स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि इस रथ यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के हर छोटे-बड़े हलके में पहुंच कर आम जन को भाजपा के साथ जोडऩा है। इस मौके पर प्रदेश महासचिव कृपाल परमार, उपाध्यक्ष राजीव भारद्वाज, भाजपा नेता घनश्याम शर्मा, जिला अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, जिला महासचिव रणवीर सिंह निक्का, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शोभा डढवाल, जिला उपाध्यक्ष अतुल सूदन, भाजपा नेता बलदेव ठाकुर व भाजयुमो सचिव पंकज हैप्पी आदि कई नेता मौजूद थे।