धूमल ने साधा कांग्रेस सरकार पर निशाना, कहा-CM वीरभद्र सिंह भ्रष्टाचार के देवता

Saturday, Jul 01, 2017 - 01:13 AM (IST)

पधर/सरकाघाट: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने पधर में कांग्रस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा द्वारा शुरू की गई परिवर्तन रथयात्रा के साथ ही कांग्रेस सरकार का पतन शुरू हो गया है। प्रदेश सरकार का जाना अब तय हो चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र भ्रष्टाचार के देवता बन चुके हैं और उन्हीं की सरकार के मंत्री से लेकर संतरी तक भ्रष्टाचार में पूर्णतया लिप्त हो चुके हैं। कांग्रेस सरकार के इस कार्यकाल में अधिकारी रिश्वत व चरस के मामलों में सरेआम फंस चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की इस नाकामी को आज से ही क्षेत्रभर में प्रत्येक घर में दस्तक देकर जनता को बताएं। 

मोदी का नोटबंदी का फैसला बहुत सराहनीय
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं सराज के विधायक जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नोटबंदी का फैसला बहुत सराहनीय रहा है। अब जी.एस.टी. से देशभर की जनता में नया उत्साह है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि शिमला हमने जीता है और हिमाचल भी हम ही जीतेंगे और इस बार द्रंग भी कांग्रेस मुक्त बनेगा। इससे पूर्व हिमाचल चले मोदी के साथ परिवर्तन रथयात्रा 11वें दिन शुक्रवार को द्रंग विधानसभा में टकोली से शुरू हुई। यात्रा का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया जबकि सरकाघाट के बल्द्वाड़ा में प्रो. धूमल ने जनसभा को संबोधित किया।