धूमल बोले-भाजपा सरकार बदले की भावना से काम नहीं, विकास करवाएगी

Sunday, Dec 17, 2017 - 01:13 AM (IST)

हमीरपुर: भाजपा के सी.एम. कैंडीडेट और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि भाजपा की सरकार बनती है तो प्रदेश में बदले की भावना से कोई काम नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की सरकार विकास करवाने वाली सरकार बनेगी तथा प्रदेश में रुके पड़े विकास कार्यों को मोदी की केंद्र सरकार के सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल शनिवार को समीरपुर में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 18 दिसम्बर को चुनावी नतीजे आते ही प्रदेश की माफिया सरकार का जाना तय है और विकास में विश्वास रखने वाली भाजपा सरकार का 60 प्लस सीटें लेकर सत्ता में आना तय है। 

कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार और गलत निर्णयों की होगी जांच 
उन्होंने पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में हुए भ्रष्टाचार और गलत निर्णयों की जांच पुख्ता सबूत मिलने के उपरांत अवश्य होगी। उन्होंने मंत्रिमंडल के विस्तार पर भी स्पष्ट किया कि हिमाचल छोटा राज्य है, जिसके चलते मंत्रिमंडल का स्वरूप छोटा होगा तथा बेहतर काम करने वालों व विधायकों को साथ लेकर चलने वालों को ही मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार में सभी विधायकों को बराबर मान-सम्मान मिलेगा ताकि विकास की गति हर विस क्षेत्र में एक समान हो।