धूमल ने साधा निशाना, कहा-भाषणों में नजर आ रही कांग्रेस नेताओं की बौखलाहट

Friday, Apr 05, 2019 - 10:09 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि भाजपा सवा सौ करोड़ लोगों के विकास पर आधारित पार्टी है जबकि कांग्रेस एक ही परिवार पर केंद्रित है। इसके नेता गांधी परिवार की परिक्रमा करते हैं। सुजानपुर के पोलिंग बूथ मेहलडू, जोल, बीड़-बगेहड़ा-1 व 2 तथा बैरी-1 व 2 में आयोजित बैठकों के बाद जनसभाओं को संबोधित करते हुए धूमल ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आने पर कांग्रेस नेताओं की बौखलाहट उनके भाषणों में नजर आ रही है लेकिन उनके बयानों को कोई अहमियत नहीं मिल रही क्योंकि कांग्रेस पार्टी लोगों के बीच अपना अस्तित्व खो बैठी है।

लोगों को भ्रमित करने के लिए झूठ का सहारा ले रहे कांग्रेस नेता

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के पास भाजपा द्वारा किए विकास कार्यों पर कुछ बोलने को तो रहा नहीं परंतु लोगों को भ्रमित करने के लिए झूठ का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता भाजपा की आलोचना छोड़ अपनी पिछली कांग्रेस सरकार के विकास कार्यों को बताएं कि वे प्रदेश में ऐसी कौन सी बड़ी परियोजनाएं लेकर आए, जिससे पूरे प्रदेश की जनता का भला हुआ है। इस मौके पर भाजपा मंडल के अध्यक्ष कैप्टन रंजीत सिंह, सचिव इंस्पैक्टर प्यार चंद ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य विरेंद्र, रमेश ठाकुर, सुमन चौहान, महामंत्री पवन शर्मा व मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Vijay