धूमल ने बताया, वीरभद्र को इस वजह से शिमला छोड़कर जाना पड़ा अर्की

Saturday, Oct 28, 2017 - 11:59 PM (IST)

मंडी/रामपुर: 2 दशक बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व 1998 में गठबंधन सरकार बनाने में उनके प्रमुख सहयोगी रहे पं. सुखराम पंडोह में शनिवार को एक-दूसरे के गले मिले। इस मौके जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुडिय़ा कांड के बाद वीरभद्र सिंह शिमला छोड़ गए हैं। अब चुनाव लडऩे के लिए भी अर्की जाना पड़ा। मोदी का नाम लेकर डोनाल्ड ट्रम्प अमरीका के राष्ट्रपति बन गए। हिमाचल में तो मोदी लहर के चलते कांग्रेस कहीं टिक नहीं पाएगी इसलिए ही हमने पहले 50 प्लस और अब 60 प्लस का नारा दिया है। अब कांग्रेस डूबता जहाज है जहां से अच्छे लोग मौका देख कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। भ्रष्टाचार समाप्त हो रहा है और विकास ही एकमात्र ध्येय अब बन गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में भ्रष्टाचार और माफिया राज का बोलबाला रहा जबकि कानून व्यवस्था का दिवालिया निकल गया।

प्रदेश में विकास का दावा करने वालों ने किया अपना निजी विकास 
युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह की सम्पत्ति डेढ़ करोड़ से 84 करोड़ होने के मामले पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर धूमल ने कहा कि विक्रमादित्य की प्रॉपर्टी कैसे बढ़ी यह तो संबंधित विभाग और जनता देखेगी लेकिन यह तय है कि प्रदेश के विकास का दावा करने वालों ने अपना निजी विकास ही किया है। धूमल ने चम्बा के तीसा में चुनाव प्रचार के दौरान अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम उछाला है। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे शक्तिशाली देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से अपनाई गई नीतियों का अनुसरण करते हैं।