धूमल बोले, भयंकर आर्थिक संकट से जूझ रहा हिमाचल

Thursday, Feb 16, 2017 - 12:39 AM (IST)

बिलासपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश मौजूदा समय में भयंकर आर्थिक संकट से जूझ रहा है और प्रदेश के मुख्यमंत्री नई तहसीलें, एस.डी.एम. कार्यालय और नई राजधानी खोलने का ऐलान कर रहे हैं जबकि प्रदेश में मौजूदा समय में 45 पद तहसीलदारों और 29 पद नायब तहसीलदारों के खाली पड़े हैं, ऐसे में नई तहसीलों को खोलने का औचित्य समझ से परे है। धौलरा विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में धूमल ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री बिना कैबिनेट की मंजूरी लिए ही नई राजधानी खोलने की घोषणा कर देते हैं और दूसरे दिन उन्हीं के मंत्री उनकी घोषणा का विरोध करते हैं। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश सरकार किस प्रकार कार्य कर रही है। 

वन मंत्री के गृह क्षेत्र में कटे 1800 देवदार के पेड़ 
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में एक चिकित्सक के साथ हुए दुव्र्यवहार के मामले में भाजपा ने विधायक के विरुद्ध जांच करवाने की मांग की थी लेकिन सरकार ने चिकित्सक के विरुद्ध ही जांच बैठा दी और उनका स्थानांतरण भी कर दिया। उन्होंने प्रदेश सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में यह पहली बार हुआ कि वन मंत्री के गृह क्षेत्र में 1800 पेड़ देवदार के तथा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र में 480 पेड़ देवदार के कटते हैं और बाद में जब भाजपा के दबाव में जांच होती है तो मुख्यमंत्री के क्षेत्र में कटे देवदार के पेड़ झाडिय़ां बन जाती हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री घोषणाओं के मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं।