धूमल ने साधा निशाना, कहा-प्रधानमंत्री पर भेदभाव के आरोप लगाने वालों के मुंह हुए बंद

Thursday, Sep 28, 2017 - 12:29 AM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश को पी.एम.जी.एस.वाई. के तहत केंद्र से मिली नई सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए प्रैस बयान में कहा कि केंद्र पर प्रदेश से भेदभाव करने का आरोप लगाने वालों के मुंह अब बंद हो गए हैं। केंद्र सरकार ने हिमाचल को बड़ी सौगात देते हुए पी.एम.जी.एस.वाई. के तहत 728.24 करोड़ रुपए की योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है, जिससे प्रदेश की सड़कों और पुलों की 221 योजनाएं तैयार की जाएंगी। इन सभी योजनाओं को 90:10 के अनुपात में केंद्र से पैसा मिलेगा। मात्र दस प्रतिशत खर्चा प्रदेश के हिस्से आएगा और 90 प्रतिशत खर्चा केंद्र सरकार उठाएगी।  

कांग्रेस सरकार योजनाओं की डी.पी.आर. बनाने में असफल 
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार से प्रदेश के लिए 66 राष्ट्रीय उच्च मार्ग, 3 एक्सप्रैस राजमार्ग और 6 ओवर ब्रिज स्वीकृत होने के बावजूद तथा इन कार्यों की डी.पी.आर. बनाने के लिए केंद्र द्वारा प्रदेश को 260 करोड़ रूपए के विशेष प्रावधान करने के बावजूद कांग्रेस सरकार इन योजनाओं की डी.पी.आर. बनाने में असफल रही। उन्होंने कहा यही कारण है की हिमाचल विकास के मामले में पिछड़ रहा है।