धूमल बोले-विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा होगा साफ

Saturday, Jul 01, 2017 - 08:44 PM (IST)

लडभड़ोल/चौंतड़ा: भाजपा द्वारा प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हेतु की जा रही परिवर्तन रथयात्रा शनिवार को 12वें दिन लडभड़ोल पहुंची। इस रैली में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, विधायक गुलाब सिंह ठाकुर व सांसद रामस्वरूप शर्मा ने शिरकत की। जोगिंद्रनगर से आरंभ हुई इस परिवर्तन रथयात्रा में करीब 200 कार्यकर्ता शामिल हुए जो चौंतड़ा-गोलवा होते हुए लडभड़ोल पहुंची। लडभड़ोल में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ  होने वाला है। 



भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं है बल्कि व्यवस्था को बदलना है ताकि भ्रष्टाचार में डूबी प्रदेश सरकार को चलता कर एक अच्छी भाजपा सरकार का गठन करें ताकि केंद्र सरकार की भांति यहां भी लोकप्रिय सरकार लोगों की आशाओं पर खरी उतरे। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार ने हिमाचल को 63 राष्ट्रीय राजमार्ग व 2 बड़े पुलों के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की है जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है। वन रैंक-वन पैंशन स्वीकृत कर सैनिकों का मान बढ़ाया है। 



सत्ता में आने पर खत्म किया जाएगा रूसा सिस्टम
उन्होंने ऐलान किया कि सत्ता में आने पर विश्वविद्यालय में रूसा सिस्टम को खत्म किया जाएगा ताकि छात्र बेखौफ होकर अपनी पढ़ाई कर सकें। उन्होंने प्रदेश सरकार को बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ते के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल चुकी है। पहले चारों संसदीय सीटों पर भाजपा का कब्जा फिर सुजानपुर व भोरंज का उपचुनाव और उसके बाद शिमला नगर निगम पर हुई भाजपा की जीत ने यह साबित कर दिया है कि अबकी बार भाजपा 60 के पार होगी और सत्ता पर काबिज होगी। 



मैं धूमल के सहयोग से ही सांसद बना हूं : रामस्वरूप
इस अवसर पर सांसद रामस्वरू प ने कहा कि मैं प्रो. धूमल के सहयोग से ही सांसद बना हूं और हम दोनों ने लंबे समय से एक साथ काम किया है। उन्होंने इस मौके पर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि उनके क्षेत्र में प्रदेश सरकार ने भेदभाव की राजनीति करते हुए विकास कार्य रोके हैं, जिन्हें प्रदेश में भाजपा सरकार के बनते ही पूर्व की तरह ही प्राथमिकता दी जाएगी। इस मौके पर कश्मीर सिंह राजपूत व प्रभारी संसदीय क्षेत्र राम सिंह भी उपस्थित रहे।