धूमल बोले-संसदीय क्षेत्रों के बाद अब विधानसभा क्षेत्रों में निकलेगी रथ यात्रा

Sunday, Jul 30, 2017 - 11:31 PM (IST)

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि संसदीय क्षेत्र के बाद अब भाजपा विधानसभा क्षेत्रों में रथ यात्रा निकालेगी। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए यूटीलिटी रथ को बनाया जाएगा। वह रविवार यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नए जिलों को बनाने का शगूफा छोडऩे वाली कांग्रेस सरकार में कोई दम नहीं है। उन्होंने कहा कि जो सरकार पुलिस कर्मचारियों को 1 माह का अतिरिक्त वेतन देने के लिए ट्रिब्यूनल में यह शपथ पत्र देती है कि इसे नए ग्रेड-पे के आधार पर नहीं दिया जाएगा, ऐसी सरकार नए जिलों का गठन क्या कर पाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कामकाज के चलते आज प्रदेश सरकार पर करीब 50 हजार करोड़ रुपए का कर्ज पहुंच चुका है। 

भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता की होगी जांच
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया में धांधलियां हो रही हैं। इसके तहत जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा भी नहीं दी, उनको भी इंटरव्यू में बुलाए जाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर अनियमितताओं की जांच करवाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के इंटरव्यू बंद कर दिए, इसके बाद प्रदेश मंत्रिमंडल में कई बैठकों तक यह मामला लटका रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा बोर्ड का अपना परीक्षा परिणाम ठीक नहीं है और वे बैंकों की भर्ती में जुटा है। 

राज्य में भाजपा की सरकार बनना तय 
उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनना तय है। सत्ता में आने पर भाजपा पीड़ित लोगों को न्याय दिलाएगी और अन्याय करने वालों को सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश पदाधिकारी व कार्यसमिति बैठक में भाजपा की तरफ से चलाए जाने वाले आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति बनी है। इसके तहत 1 से 10 अगस्त तक प्रत्येक जिला मुख्यालय पर युवा मोर्चा प्रदर्शन करेगा। महिला मोर्चा ने भी प्रदेश विधानसभा क्षेत्र में महासम्मेलन करने का निर्णय लिया है। 

मौका आने पर पता चलेगा कौन होगा चेहरा 
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा विधानसभा चुनाव में किसी नेता को चेहरा बनाकर चुनाव लड़ेगी पर उन्होंने कहा कि मौका आने पर इसका पता चलेगा कि कोई चेहरा होगा या नहीं। उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति के बिगडऩे का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गुडिय़ा मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ने जो टिप्पणी की है उससे स्पष्ट है कि कितना घिनौना अपराध हुआ है। उन्होंने कहा कि यह अपराध निर्भया मामले से भी अधिक दर्दनाक है।