धूमल ने बांधे जयराम सरकार की तारीफों के पुल, कांग्रेस पर साधा निशाना

Saturday, Dec 22, 2018 - 10:24 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में सामाजिक पैंशन के लिए बुजुर्ग लोगों की आयु सीमा 80 से घटाकर 70 वर्ष कर ऐतिहासिक निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल सराहनीय रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल कंज्याण में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कंज्याण ऐतिहासिक स्थल है। यहीं पर 15 अगस्त, 2008 को प्रदेश के लोगों को 4-4 मुफ्त सी.एफ.एल. बल्ब बांटने की शुरूआत हुई थी, जिसके तहत साढ़े 16 लाख उपभोक्ताओं को 68 लाख बल्ब मुफ्त बांटे गए थे। इसी तर्ज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में एल.ई.डी. बल्ब देने की योजना शुरू की थी, जिसके तहत प्रदेश को केंद्र सरकार से 60 रुपए में एल.ई.डी. बल्ब आता था लेकिन प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने उस एल.ई.डी. बल्ब को 120 रुपए में बेचा।

कांग्रेस बोलती झूठ और भाजपा करती है काम

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा में यही फर्क है कि कांग्रेस झूठ बोलती है और भाजपा काम करती है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की तरफ इशारा करते हुए कहा कि विधायक कमलेश कुमारी की आई.पी.एच. और लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालयों को खोलने की मांगों का सांसद अनुराग ठाकुर व आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह ने भी समर्थन किया है। इसलिए विधायक की सभी मांगों को मुख्यमंत्री पूरा करेंगे।

Vijay