धूमल के समक्ष भीड़ जुटाकर खीमी ने किया जोरदार शक्ति प्रदर्शन

Sunday, May 28, 2017 - 04:25 PM (IST)

कुल्लू: माफिया हटाओ, हिमाचल बचाओ के नारे के बीच कुल्लू के बजौरा में आयोजित जनसभा के बहाने खीमी राम ने अपना जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल के समक्ष भीड़ जुटाकर खीमी राम ने इस बात को जताने की कोशिश की कि वह ही यहां से पार्टी के अगले प्रत्याशी होंगे। हालांकि, यहां के जिला अध्यक्ष भीमसेन शर्मा और जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र शोरी भी अपना-अपना दावा जताते हैं। बताया जाता है कि करीब 2 महीने पहले यहां भीमसेन ने एक सभा की थी उसमें उनके समर्थकों ने भाजपा टिकट की जोरदार वकालत की। उसके बाद ही खीमी राम को बजौरा में रविवार को शक्ति प्रदर्शन करना पड़ा है। यह अलग बात है कि माफिया हटाओ, हिमाचल बचाओ भाजपा का राज्य स्तरीय कार्यक्रम चल ही रहा है।


खीमी के नारों ने गूंजता रहा बजौरा
बताया जाता है कि जनसभा से पहले खीमी राम ने अपने समर्थकों से जमकर नारेबाजी करवाई। खास बात यह है कि इसी विधानसभा क्षेत्र में ही कर्ण सिंह कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उनका पिछले दिनों ही निधन हुआ है। जनसभा में राज्य की वीरभद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा गया।