धूमल ने कांग्रेस सरकार पर कसा तंज, बोले, दो राजधानियों की घोषणा सबसे बड़ा मजाक

Tuesday, Jan 24, 2017 - 10:37 AM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए शायराना अंदाज में कहा कि खरीद के जो खिलौना दे नहीं सकता, वह दिखा रहा है ख्वाब महलों के। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार कर्मचारियों के वेतन के लिए 1 हजार करोड़ रुपए का कर्ज ले रही है और बात कर रही है 2 राजधानियां बनाने की। इससे बड़ा मजाक प्रदेश की जनता से और क्या हो सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भोटा में जिला भाजपा की 2 दिवसीय आवासीय बैठक के समापन अवसर पर भाग लेने के उपरांत प्रैस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।


प्रदेश में सिर्फ घोषणाओं की चल रही सरकार
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिर्फ घोषणाओं की सरकार चल रही है। अब तो सरकार के मंत्री भी झूठी घोषणाओं से तंग आकर मुख्यमंत्री द्वारा की जा रहीं घोषणाओं पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अब कांग्रेस सरकार की चार्जशीट को लेकर 1 से 15 फरवरी तक हर मंडल स्तर से बूथ स्तर पर बैठकें करेगी जिसमें लोगों को कांग्रेस सरकार के मंत्रियों, विधायकों, अध्यक्षों व उपाध्यक्षों द्वारा किए गए भ्रष्टाचार से अवगत करवाया जाएगा। पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि यू.पी. के चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता के चलते लोहिया के नाम पर राजनीति करने वाले आज लोहिया के विरोधियों के साथ समझौता कर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद भी उन्हें जीत नहीं मिलेगी। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती भी मौजूद रहे।