धूमल ने नशे को बताया सबसे बड़ा चैलेंज

Sunday, Sep 02, 2018 - 10:35 AM (IST)

चिंतपूर्णी (सुनील): पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि इस समय देश व समाज को सबसे बड़ा खतरा युवाओं में पनप रहा नशा है। ऐसे में नशा उन्मूलन के लिए सरकार के साथ समाज के हर वर्ग को आना चाहिए। शनिवार को चिंतपूर्णी में सर्व द ह्युमैनिटी स्वयंसेवी संस्था द्वारा आयोजित युवा प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे धूमल ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। युवाओं के जोश में कोई कमी नहीं है, बस उन्हें निखारने की आवश्यकता है। 

प्रदेश में कई युवक मंडल व स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा सामाजिक उत्थान के लिए बेहतरीन योगदान दे रहे हैं। रक्तदान से लेकर संपूर्ण स्वच्छता अभियान में भी अभूतपूर्व कार्य कर रहे हैं। ऐसे में युवा वर्ग के प्रयासों को सराहा जाना चाहिए। धूमल ने कहा कि उनकी सरकार ने ही प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक समारोहों में स्थानीय कलाकारों को तरजीह देने की पहल की थी। प्रदेश में कुल्लू का दशहरा, मंडी की शिवरात्रि, चम्बा का मिंजर मेला और ऊना समारोह जैसे आयोजनों में स्थानीय प्रतिभाओं को ज्यादा से ज्यादा मौके मिलने चाहिए। 

इस मौके पर धूमल ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से यहां पहुंचे युवा प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, स्थानीय विधायक बलवीर चौधरी, सर्व द ह्युमैनिटी के संयोजक विशाल व भाजपा नेता सुशील कालिया सहित संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इसके बाद प्रो. धूमल ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी भी लगाई और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की। इस मौका पर भाजपा कार्यकर्ता केवल कृष्ण आदि उपस्थित थे। मंदिर परिसर में दर्शन करने के पश्चात ट्रस्ट के सदस्यों ने प्रो. धूमल को माता की तस्वीर भेंट की।
 

Ekta