धूमल का कांग्रेस सरकार पर हमला, बोले-पंजाब में बिकने वाला चिट्टा अब बिक रहा हिमाचल में

Saturday, Nov 04, 2017 - 10:15 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि भ्रष्टाचार में ऊपर से नीचे तक संलिप्त कांग्रेस भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरैंस की बात कह रही है जो बहुत हास्यास्पद है। जो चिट्टा पंजाब में बिकता था अब हिमाचल में बिक रहा है। प्रदेश के सीमाओं वाले क्षेत्रों में नशे के चक्कर में पड़ कर युवाओं की जिंदगी तबाह हो चुकी है जिससे हिमाचल की छवि खराब हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वन माफिया फैला है। जब उन्होंने शिमला के तारा देवी में काटे गए 477 पेड़ों के बारे विधानसभा में सवाल उठाया तो कहा गया कि वे झाडिय़ां थीं, वहीं जब इस बारे एन.जी.टी. ने कार्रवाई की तो हमारे आरोपों की पुष्टि हो गई। वन मंत्री के क्षेत्र में 1404 हरे पेड़ काट दिए गए, इस बारे भी हमने सवाल उठाया। डी.एफ.ओ. और डी.एस.पी. वाली जांच टीम ने हमारे आरोपों की पुष्टि भी कर दी कि पेड़ काटे गए हैं। सरकार आएगी तो जांच होगी, दोषी नहीं बख्शे जाएंगे। 

भाजपा के आने पर लोगों के जान-माल व सम्मान की होगी रक्षा
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आएगी तो लोगों के जान-माल और सम्मान की रक्षा की जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में 24 घंटे उपलब्ध होशियार हैल्प लाइन शुरू की जाएगी। शिकायत मिलने पर तुरंत उसका समाधान किया जाएगा। प्रो. धूमल ने कर्मचारियों को याद दिलाते हुए कहा कि 2012 के चुनावों में कांग्रेस ने कहा था कि 4-9-14 की किस्त 2006 से देंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को चौथा और 5वां वेतन आयोग हमने लागू किया था और जब छठे वेतन आयोग की बात आएगी तो वह भी हम लागू करेंगे।