छात्रा से छेडख़ानी पर प्राथमिक सहायक अध्यापक की सेवाएं होंगी समाप्त

Monday, Sep 09, 2019 - 09:42 PM (IST)

धर्मशाला, (नवीन): छात्रा के साथ छेडख़ानी करने पर एक प्राथमिक सहायक अध्यापक की सेवाएं समाप्त होंगी। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कांगड़ा ने बी.ई.ई.ओ. को मेल कर दी है। अब बी.ई.ई.ओ. द्वारा ही संबंधित पंचायत के माध्यम से उक्त अध्यापक की सेवाएं समाप्त करवाई जाएंगी। शिक्षा विभाग ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाने की बात कही है। मामला शिक्षा खंड ज्वाली के एक स्कूल का है। जानकारी के मुताबिक शिक्षा विभाग को टैलीफोन के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की गई थी कि एक छात्रा के साथ पैट (प्राथमिक सहायक अध्यापक) द्वारा छेडख़ानी की गई है जिस पर संज्ञान लेते हुए उपनिदेशक ने संबंधित बी.ई.ई.ओ. को मामले की छानबीन के निर्देश दिए।

पंचायत को आगामी कार्रवाई के लिए कहा जाएगा

छानबीन में यह सामने आया कि अध्यापक द्वारा छात्रा के साथ छेडख़ानी की गई है। उसके उपरांत शिक्षा विभाग ने असिस्टैंट डायरैक्टर एंड डिप्टी डियो से भी मामले की जांच करवाई। दोनों ही जांचों में छेडख़ानी की बात सही पाई गई जिसके बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग कांगड़ा ने संबंधित बी.ई.ई.ओ. को मेल कर दी है किउक्त अध्यापक की सेवाएं तुरंत समाप्त हों। अब बी.ई.ई.ओ. के माध्यम से संबंधित पंचायत को आगामी कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। उक्त मेल में पोक्सो के तहत मामला दर्ज करवाने की बात भी कही गई है।

2 स्तरों पर जांच करवाई गई है

प्रारंभिक शिक्षा कांगड़ा उपनिदेशक राजकुमार शर्मा का कहना है कि छात्रा के साथ अध्यापक द्वारा छेडख़ानी की शिकायत प्राप्त हुई थी। 2 स्तरों पर जांच करवाई गई है तथा छेडख़ानी की बात सही है। संबंधित बी.ई.ई.ओ. को इस बारे मेल कर दी है कि उक्त अध्यापक की सेवाएं तुरंत समाप्त हों तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

Kuldeep